पौड़ी में प्रशिक्षण सह-सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित, ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण पर जोर।
पौड़ी:- जनपद पौड़ी गढ़वाल में ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास को नयी दिशा देने के उद्देश्य से पंचायतीराज तथा ग्राम्य विकास विभाग द्वारा प्रेक्षागृह, पौड़ी में प्रशिक्षण सह-सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला ने प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों एवं प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण हेतु सकारात्मक सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें पंचायतों को अधिक वित्तीय अधिकार प्रदान करने, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि गांव विकास की मूल इकाई है और राज्य की प्रगति का आधार ग्रामीण क्षेत्र ही हैं। उन्होंने पंचायतों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब ग्राम स्तर पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक आदर्श गांव विकसित करने तथा आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से विशेष योजनाएं संचालित करने पर भी जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, साक्षरता एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों को ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें।
जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण सह-सम्मेलन कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि में सहायक सिद्ध होते हैं, जिससे विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो पाता है।
कार्यक्रम का संचालन गणेश खुगशाल ‘गणी’ द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, एएमए भावना रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष पंकज पोखरियाल सहित विभिन्न ब्लॉक प्रमुख, प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
