मिशन सुरक्षित केदारनाथ: रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 471 साइबर ठगी के जरिए बंद। WWW.JANSWAR.COM

मा0 मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड महोदय के निर्देशों पर केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाने हेतु रुद्रप्रयाग पुलिस की “साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स” का बड़ा प्रहार, 471 ठगी के माध्यमों पर की गई कार्यवाही।

​रुद्रप्रयाग:- मा. मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड महोदय के कुशल निर्देशन में आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सरल और सुरक्षित बनाने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा गठित विशेष “साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स” ने यात्रा के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है।

यात्रा शुरू होने से पहले ही हेलीकॉप्टर सेवाओं और नामी कंपनियों के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों पर नकेल कसते हुए फोर्स द्वारा अब तक कुल 471 संदिग्ध माध्यमों (वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज व मोबाइल नंबर) को ब्लॉक करने की प्रभावी कार्रवाई की गई है। चिह्नित किए गए 260 फेसबुक पेजों में से 205 पेजों को सफलतापूर्वक टेक डाउन (बंद) करा दिया गया है। साथ ही 16 संदिग्ध इंस्टाग्राम खातों को ब्लॉक करने हेतु रिपोर्ट किया गया है। ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 164 मोबाइल नम्बरों को टेलिकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स और व्हाट्सएप के माध्यम से ब्लॉक करा दिया गया है। साइबर अपराधियों द्वारा उपयोग किए जा रहे 5 बैंक खातों की जांच की गई, जिनमें से 1 खाते को तत्काल ‘डेबिट फ्रीज’ कर दिया गया है। अन्य खातों पर भी फ्रीजिंग की प्रक्रिया तेजी से जारी है। हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर श्रद्धालुओं को झांसा देने वाली 34 संदिग्ध वेबसाइट्स को डोमेन रजिस्ट्रार के माध्यम से रिपोर्ट कर बंद कराया गया है।
​रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा हेतु हेली सेवाओं की बुकिंग केवल एकमात्र आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें:
🌐 आधिकारिक वेबसाइट: https://www.heliyatra.irctc.co.in/
​सावधान रहें:
किसी भी अन्य विज्ञापन, फेसबुक लिंक या व्हाट्सएप मैसेज के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना आपकी मेहनत की कमाई के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
​यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना विलम्ब किए तत्काल 1930 डायल करें।

​सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित श्रद्धालु।
उत्तराखण्ड पुलिस — आपकी सेवा में सदैव तत्पर।