केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा संचालकों के विवाद का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी। WWW.JANSWAR.COM

श्री केदारनाथ धाम पैदल मार्ग के जंगलचट्टी क्षेत्र में घोड़ा संचालकों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित, पुलिस कर रही मामले की तस्दीक।

रुद्रप्रयाग:- श्री केदारनाथ धाम पैदल मार्ग के जंगलचट्टी क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ व्यक्तियों के बीच आपसी विवाद एवं मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामले में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त वीडियो दो घोड़ा-खच्चर संचालकों से संबंधित है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों घोड़ा संचालकों के बीच घोड़ा फिसलने को लेकर किसी बात पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा मामले की तस्दीक की जा रही है तथा संबंधित दोनों पक्षों की पहचान एवं आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान तक इस संबंध में किसी भी पक्ष द्वारा कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। बावजूद इसके, पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है। सभी घोड़ा-खच्चर संचालकों एवं यात्रा से जुड़े व्यक्तियों से अपील की गई है कि आपसी विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें।