- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को जन आंदोलन बनाने का मुख्यमंत्री ने किया आह्वान
- ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने पर दिया जोर
- अनावश्यक खर्चों में कटौती से देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा मजबूती
- प्राकृतिक खेती और खाद्य तेल के संयमित उपयोग की मुख्यमंत्री ने की अपील
- उत्तराखंड की जनता हमेशा राष्ट्रहित में रही अग्रणी, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को करेगी मजबूत
देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वाेपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत के लिए नहीं बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हम सभी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्रा को टालना, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना, पेट्रोल डीजल की खपत कम करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करना, ऊर्जा की बचत करना, एक साल के लिए स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचना, खेती में रासायनिक उर्वरक की बजाय प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल करना और खाद्य तेल का संयमित उपयोग करना जैसे छोटे छोटे संकल्प लें तो देश की अर्थव्यवस्था में ये हमारा महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के नागरिक हमेशा राष्ट्र हित में अग्रणी रहे हैं। वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी सफल होगा जब हर नागरिक अपने स्तर पर योगदान दे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री जी के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से ये संकल्प और अधिक मजबूत होगा।
