चारधाम यात्रा 2026 को लेकर मुनि की रेती में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान।
टिहरी/मुनिकीरेती:- दिनांक 14/05/2026 को नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला, टिहरी गढ़वाल द्वारा पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से चारधाम यात्रा 2026 के सुचारु संचालन एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने हेतु विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान मुनि की रेती प्रवेश द्वार से प्रारंभ होकर तपोवन चौराहे तक संचालित किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडे, उपनिरीक्षक आशीष शर्मा एवं उपनिरीक्षक आशीष रतूड़ी द्वारा किया गया। नगर पालिका की ओर से मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी ठेली-रेड़ी, अस्थायी दुकानें एवं अन्य अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। पालिका एवं पुलिस टीम द्वारा यात्रा मार्ग के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को पूर्ण रूप से हटाते हुए मार्ग को साफ एवं व्यवस्थित बनाया गया, जिससे यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा नगर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
