3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को NTA ने किया रद्द
परीक्षा में अनियमितताओं की पुष्टि के बाद सरकार ने लिया बड़ा फैसला
मामले की जांच अब CBI करेगी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
23 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी मेडिकल प्रवेश परीक्षा
NEET UG 2026 दोबारा आयोजित होगी, नई तिथि जल्द होगी घोषित
नई दिल्ली: – देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रद्द कर दिया है। 3 मई 2026 को आयोजित इस परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की आशंकाओं के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है। केंद्र सरकार ने मामले की व्यापक जांच के लिए CBI जांच के आदेश दिए हैं।
करीब 23 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। NTA ने कहा है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। पहले से किए गए पंजीकरण मान्य रहेंगे, उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
NTA के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से प्राप्त इनपुट के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठे। पारदर्शिता और छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार की मंजूरी से परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
