मुनिकीरेती नगर पालिका में बढ़ा विवाद, ईओ के तबादले की मांग को लेकर डीएम दरबार पहुंचा निर्वाचित बोर्ड।
नई टिहरी:- मुनिकीरेती नगर पालिका में निर्वाचित बोर्ड और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। सोमवार को पालिकाध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण समेत अधिकांश सभासद जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल से मिलने पहुंचे और ईओ के तत्काल तबादले की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि पालिका में तैनात अधिशासी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से नहीं कर रही हैं तथा निर्वाचित बोर्ड के निर्देशों की लगातार अनदेखी की जा रही है। सभासदों ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर कार्य सुचारु रूप से न होने के कारण आम जनता के सवालों का जवाब देना जनप्रतिनिधियों के लिए मुश्किल होता जा रहा है, जिससे लोगों में पालिका के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
पालिकाध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने कहा कि यदि जल्द ही ईओ का तबादला नहीं किया गया तो निर्वाचित बोर्ड गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किए जाएंगे तथा सामूहिक इस्तीफा देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
जिलाधिकारी से मिलने वालों में पालिकाध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण, सभासद मीनू गोडियाल, विनोद खंडूड़ी, ब्रजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी और निशा नेगी शामिल रहे।
