पासपोर्ट बनवाने के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा दूर, पिथौरागढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में जल्द खुलेगा आधुनिक कार्यालय”।
पिथौरागढ़:- पिथौरागढ़ में अब पासपोर्ट बनवाना और आसान होने जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में आधुनिक पासपोर्ट कार्यालय पूरी तरह तैयार हो चुका है और जल्द ही इसे आम जनता के लिए शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने नए पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सेवाएं समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से शुरू की जाएं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
इस नए केंद्र के शुरू होने से पासपोर्ट सेवाएं अब ज्यादा पारदर्शी और जनसुलभ होंगी। साथ ही, कलेक्ट्रेट परिसर में ही डाक और पासपोर्ट दोनों सेवाएं मिलने से लोगों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे।
प्रशासन का कहना है कि साफ-सफाई, प्रतीक्षालय, पार्किंग और दिव्यांगजन के लिए सुगम व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब बस इंतजार है इसके औपचारिक शुभारंभ का, जो जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
