हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर श्रद्धांजलि, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं संग किया नमन।
ऋषिकेश :-पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, हिमालय पुत्र स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा जी की जयंती के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जी एक दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक एवं जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव जनता के हितों को सर्वोपरि रखा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुँचाने का कार्य किया। उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बहुगुणा जी का जीवन हम सभी को जनसेवा, ईमानदारी एवं समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज और राष्ट्र के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।
इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, निवेदिता सरकार, आशा चौधरी, वृंदा कौशिक, रोहित राम, धर्मेंद्र ग्वाड़ी, सुनील जुगलान, मोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
