शुक्रवार को जीरकपुर, मोहाली में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने श्री श्याम सहारा कनिका फाउंडेशन के नवनिर्मित धर्मार्थ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया।###मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आईएसबीटी, देहरादून के निकट एक होटल में आयोजित ‘स्टेट ऑफ द स्टेट उत्तराखण्ड फस्र्ट ’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।###  मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित शहीद दुर्गा मल्ल पार्क में आजाद हिंद फौज के शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।WWW.JANSWAR.COM

अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर

शुक्रवार को जीरकपुर, मोहाली में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने श्री श्याम सहारा कनिका फाउंडेशन के नवनिर्मित धर्मार्थ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को जीरकपुर, मोहाली में श्री श्याम सहारा कनिका फाउंडेशन के नवनिर्मित धर्मार्थ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। उन्होंने श्याम सहारा कनिका फाउंडेशन को इस नेक कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी और इसमें महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए श्री संजय सिंगला, श्री अमित जिंदल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में समर्पित होकर ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के मूल मंत्र पर चलते हुए सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि जब लोग स्वस्थ रहेंगे तो, समाज स्वस्थ रहेगा, जब समाज स्वस्थ रहेगा तो, देश स्वस्थ रहेगा, और जब हमारा देश स्वस्थ रहेगा तो, हमारा राष्ट्र मजबूत बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह हॉस्पिटल जरूरतमंद लोगों के उपचार में मददगार साबित होगा।

राज्यपाल ने कहा कि बहुत से लोग अनेक बीमारियों, असाध्य रोगों से पीड़ित हैं, कई जरूरतमंद लोगों को रोग स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स का समय पर अपॉइंटमेंट भी नहीं मिल पाता, कई बार फीस भी देने के अभाव में इलाज से वंचित रहना पड़ जाता है, ऐसे में रियायती दरों में ईलाज करने वाले हॉस्पिटल की स्थापना सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह हॉस्पिटल जरूरतमंद लोगों के उपचार में मददगार साबित होगा। उन्होंने कनिका फाउंडेशन अन्य सामाजिक और धार्मिक कार्यों जैसे फूड बैंक, धर्मशालाएँ, हॉस्पिटल्स के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद नरेश बंसल ने कहा जहां हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के माध्यम से करोड़ों रोगियों का उपचार कर रहे हैं, वहीं संजय सिंगला जैसे समर्पित समाजसेवी मात्र ग्यारह रूपये में उपचार कराने का कार्य कर राष्ट्र को गति प्रदान कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में पधारे रोशनलाल अग्रवाल ने श्री श्याम सहारा कनिका फाउंडेशन द्वारा संचालित अस्पताल की पृष्ठभूमि से अवगत करवाते हुए कहा कि इस फाउंडेशन में संजय सिंगला सहित सभी कर्मवीर श्री श्याम सहारा यानि खाटू श्याम जी के उपासक हैं जो स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु तन मन धन से पूर्णतया समर्पित है। रोशनलाल अग्रवाल ने बताया कि इसी पुनीत भाव से श्याम सहारा कनिका फाउंडेशन द्वारा संचालित धर्मार्थ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल खोलने का निर्णय लिया गया। इसमें मात्र ग्यारह रूपये में ओ.पी.डी. होगी, ग्यारह रूपये में उसकी दवाई दी जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में आंखों के 101 ऑपरेशन फ्री किए जायेंगे। इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

**********

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आईएसबीटी, देहरादून के निकट एक होटल में आयोजित ‘स्टेट ऑफ द स्टेट उत्तराखण्ड फस्र्ट ’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आईएसबीटी, देहरादून के निकट एक होटल में आयोजित ‘स्टेट ऑफ द स्टेट – उत्तराखण्ड फर्स्ट ’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण, रोजगार, वेलनेस, आयुर्वेद, आयुष, पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, औद्यानिकी के क्षेत्र में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा केदार की धरती से कहा कि इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। इस दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट लगभग तैयार हो चुका है। समिति ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 01 साल 03 माह में 02 लाख 35 हजार से अधिक लोगों के इसके लिए सुझाव लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उत्तराखण्ड में हर स्थान एक नया डेस्टिनेशन है। राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में प्रबल संभावनाओं को देखते हुए अगले 25 सालों के प्लान पर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। राज्य के पर्वतीय नगरों की धारण क्षमता का आकलन किया जा रहा है। गढ़वाल एवं कुमाँऊ मण्डल में एक-एक नये शहर बसाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। राज्य सरकार इकोनॉमी और ईकोलॉजी में समन्वय के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य है। आपदा की दृष्टि से भी संवेदनशील राज्य है। अभी मानसून सक्रिय है, अभी तक इस वर्ष अतिवृष्टि से राज्य में 01 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल में अभी तक राज्य को केन्द्र से डेढ़ लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। राज्य में पिछले साल जीएसटी में 25 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्ति हुई। इस वर्ष भी अभी तक जीएसटी से राजस्व प्राप्ति की स्थिति अच्छी है। राज्य में सख्ती से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है। वन विभाग की भूमि से 2700 एकड़ की भूमि अतिक्रमण से मुक्त की गई। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। नकल का अपराध काफी समय से चल रहा था। जन शिकायतों पर जब इसमें जांच कराई गई तो इसमें सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई। 80 से अधिक दोषियों को जेल भेजा गया। राज्य में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अभी तक जो भी परीक्षाएं हुई हैं, सभी शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न सम्पन्न हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के बाद राज्य में तेजी से रिवर्स माइग्रेशन हुआ है। लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि हमारे नौजवान सिर्फ रोजगार पाने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें।

*********

  मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित शहीद दुर्गा मल्ल पार्क में आजाद हिंद फौज के शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित शहीद दुर्गा मल्ल पार्क में आजाद हिंद फौज के शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले गोरखा समुदाय के लोगों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्प आयु में ही मेजर दुर्गा मल्ल ने देश की रक्षा के लिए अपने सभी सुख, सुविधाओं को त्याग कर अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ने का जो दृढ़ साहस दिखाया था, उसे हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित होकर अपना सर्वस्व देश को अर्पण कर दिया। 1931 में दुर्गा मल्ल जी गोरखा राइफल्स में भर्ती हुए और यहीं से उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध में भी हिस्सा लिया। 1942 में वे नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जी के आह्वान पर आजाद हिन्द फौज में भर्ती हो गये।  27 मार्च 1944 में अंग्रेज सैनिकों द्वारा दुर्गा मल्ल जी को युद्धबंदी बना लिया गया और सैनिक अदालत द्वारा उन्हें फांसी पर चढ़ाने का हुक्म दिया गया। 25 अगस्त 1944 को दिल्ली की तिहाड़ जेल में स्वाधीनता के इस दीवाने ने हंसते हंसते फांसी का फन्दा अपने गले में स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि एवं वीरों की भूमि है, बलिदानियों की भूमि है। यह बात हमारे सैनिकों ने आज तक हुए सभी युद्धों में सिद्ध भी की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से सेना ना केवल पहले से और अधिक सक्षम और सशक्त हो रही है बल्कि उसकी यश और कीर्ति पताका चारों ओर फहरा रही है। केन्द्र सरकार जहां एक ओर सेना के आधुनिकीकरण पर बल दे रही है, वहीं दूसरी ओर सैनिकों और उनके परिवारों को मिल रही सुख-सुविधाओं का भी ख्याल रख रही हैं। प्रधानमंत्री जी निरंतर सैनिकों के साहस और मनोबल को बढ़ा रहे है। राज्य सरकार भी नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में सैनिकों एवं उनके परिवार को मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। सैनिकों या उनके आश्रितों को मिलने वाली अनुदान राशि बढ़ाने से लेकर शहीद सैनिकों के आश्रितों को राज्य सरकार के अधीन आने वाली नौकरियों में वरीयता के आधार पर नियुक्ति देने का निर्णय भी इसी आशय से राज्य सरकार ने लिया है।
कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने शहीद मेजर दुर्गा मल्ल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें आजाद हिन्द फौज में गुप्तचर का कार्य दिया गया था। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को कर्तव्यनिष्ठा से पूरा किया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। श्री गणेश जोशी ने कहा कि गुनियालगांव, देहरादून में हमारे शहीद सैनिकों की स्मृति में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। इस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।