राज्यपाल से राजभवन में नवनियुक्त राज्यपाल सलाहकार (मौन पालन) डॉ. के. लक्ष्मी राव ने शिष्टाचार मुलाकात की#विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस से जुड़े सभी लोगों को राज्यपाल ने बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।#मुख्यमंत्री ने सेंट जोसेफ एकेडमी में ‘‘साइबर एनकाउंटर्स’’ पुस्तक का विमोचन किया #केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री ने एम्स ऋषिकेश में ‘श्रीअन्न कैफे’ का उद्घाटन किया #भूमि बचाओ रैली में फलसीमा गांव के लोग ढोल नगाड़े के साथ होंगे शामिल।www.janswar.com/

-अरुणाभ रतूड़ी

 

राज्यपाल से राजभवन में नवनियुक्त राज्यपाल सलाहकार (मौन पालन) डॉ. के. लक्ष्मी राव ने शिष्टाचार मुलाकात की

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से राजभवन में नवनियुक्त राज्यपाल सलाहकार (मौन पालन) डॉ. के. लक्ष्मी राव ने शिष्टाचार मुलाकात की। डॉ. लक्ष्मी राव पूर्व में केंद्रीय मौन पालन अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (सीबीआरटीआई) पुणे में सहायक निदेशक रही हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से भारतीय शहद के पैलिनोलॉजिकल विश्लेषण पर पीएचडी की है। उन्हें मौन पालन के क्षेत्र में 30 वर्षों के शोध का अनुभव है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में उनके 60 से अधिक रिसर्च पेपर प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने परियोजना अन्वेषक के रूप में भी कई अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं को सफलतापूर्वक संभाला था।

इस अवसर पर राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि डॉ. लक्ष्मी राव के मौन पालन के क्षेत्र में किए गए शोध एवं अनुभवों का लाभ उत्तराखंड को अवश्य ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में मौन पालन की असीमित संभावनाएं हैं इस व्यवसाय में एक नयी क्रांति लायी जा सकती है। उन्होंने कहा कि मौन-पालन उत्तराखंड की आर्थिक समृद्धि का आधार बन सकता है इसके लिए सुनियोजित योजना बनाये जाने की जरूरत है।

राज्यपाल ने कहा की यहां की महिलाओं, युवाओं, पूर्व सैनिकों और उद्योग से सम्बन्धित लोगों को व्यावसायिक मौन पालन से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मौन पालन व्यवसाय के लिए लोगों को प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा की उच्च हिमालयी क्षेत्रों के शहद की गुणवत्ता को आईआईटी रुड़की और जर्मनी की प्रयोगशालाओं में टेस्ट किया गया जिसमें बताया गया है कि यह एंटी ऑक्सीडेंट जैसे अनेकों गुणों से भरपूर है। उन्होंने कहा की उत्तराखण्ड में उत्पादित शहद विश्व भर में एक अलग पहचान बनाएगा और यहां के शहद की एक अलग ब्रांड स्थापित होगी। उन्होंने मौन पालन में क्रांति लाने के लिए डॉ. राव को एक ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा।

**********

विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस से जुड़े सभी लोगों को राज्यपाल ने  बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।  

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।  राज्यपाल ने कहा कि “मानव सेवा परमो धर्मः” के मंत्र को आत्मसात कर  रेडक्रॉस, निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा का निर्वहन कर रहे है। रेडक्रॉस स्वयंसेवकों द्वारा सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना से जो कार्य किया जाता है, वह अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक मानव सेवा को समर्पित रेडक्रॉस संस्था ने अपने कर्मठ, समर्पित तथा कर्तव्यनिष्ठ स्वयंसेवकों के माध्यम से विश्वभर में सम्मानित स्थान प्राप्त किया है। किसी भी प्राकृतिक अथवा मानवीय आपदा के समय रेडक्रॉस ने राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान रेडक्रॉस के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

***********

मुख्यमंत्री ने सेंट जोसेफ एकेडमी में ‘‘साइबर एनकाउंटर्स’’ पुस्तक का विमोचन किया

 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित सेंट जोसेफ एकेडमी में ‘‘साइबर एनकाउंटर्स’’ पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक डीजीपी उत्तराखण्ड श्री अशोक कुमार एवं पूर्व डी.आर.डी.ओ वैज्ञानिक श्री ओ.पी. मनोचा द्वारा लिखी गई है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पुस्तक बहुत महत्वपूर्ण विषय पर लिखी गई है। इसके लिए उन्होंने दोनों लेखकों एवं प्रभात प्रकाशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री अशोक कुमार एवं श्री ओ.पी मनोचा ने साइबर अपराधों का विश्लेषण करती व सत्य घटनाओं पर आधारित यह पुस्तक लिखी है, इससे साइबर अपराधों से बचने में पाठकों को बहुत मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में जहां एक ओर सच्ची घटनाओं का जिक्र करते हुए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है, वहीं दूसरी ओर पुस्तक मनोरंजक भी है। पुस्तक का एक-एक पृष्ठ लोगों को साइबर क्राइम से बचाव के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक की श्री अनिल रतूड़ी जी और प्रो. सुरेखा डंगवाल जी ने समीक्षा की, जो पुलिस, प्रशासन एवं समाज को भली प्रकार समझते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक के कुछ मुख्य अंशों का जिक्र भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर क्राइम आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती है और प्रदेश के डीजीपी द्वारा इस चुनौती के सम्बन्ध में जनता को जागरूक करना इस पुस्तक की प्रासंगिकता को और भी अधिक बढ़ा देता है। आज जैसे-जैसे तकनीक विकसित होती जा रही है, वैसे-वैसे साइबर क्राइम का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। साइबर अपराध पुलिस और अपराधियों के बीच कभी न खत्म होने वाला एक ऐसा खेल है, जिसमें दोनों ही एक दूसरे से आगे रहने की होड़ में रहते हैं। साइबर अपराध का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ना इस बात की ओर भी संकेत करता है कि अपराधी रोज नई-नई तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं। पुलिस भी रोजाना नई-नई तकनीकों का सहारा लेकर अपराधियों के द्वारा बिछाये जा रहे इस जाल को तोड़ने का कार्य कर रही है। हम स्वयं भी इस तकनीकी अपराध से बच सकते हैं, बस जरूरत है हमें जागरूक होने की।
पुस्तक के लेखक डीजीपी श्री अशोक कुमार ने पुस्तक विमोचन के अवसर पर साइबर अपराध से जुड़ी अनेक घटनाओं की जानकारी दी। साइबर अपराध से बचाव के लिए हमें किस प्रकार सतर्क रहना है, इसकी भी उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। साइबर अपराध और उससे पार पाने के लिए हमारे सामने क्या चुनौतियां हैं, इसकी भी उन्होंने जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, पूर्व महानिदेशक श्री अनिल रतूड़ी, कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो. सुरेखा डंगवाल,  प्रभात प्रकाशन से श्री पियूष कुमार, डॉ. अलकनंदा अशोक, श्रीमती शक्ति मनोचा एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

***********

एम्स, ऋषिकेश

 

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री ने एम्स ऋषिकेश में ‘श्रीअन्न कैफे’ का उद्घाटन किया

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री भारती प्रवीन पवार ने रविवार को एम्स ऋषिकेश परिसर में ‘श्रीअन्न कैफे’ का उद्घाटन किया। इस अन्न कैफे  में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तथा फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक और कर्मचारियों को  मोटे अनाज पर आधारित भोज्य पदार्थ परोसे जाएंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री भारती प्रवीन पवार ने श्रीअन्न कैफे का उद्घाटन करते हुए कहा कि मोटे अनाज पर आधारित भोजन की हमारे दैनिक जीवन में विशेष महत्ता है। उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ खाएं और स्वस्थ रहें’ का नारा तभी साकार होगा जब हमारी युवा पीढ़ी जंग फूड की जगह मोटे अनाज पर आधारित भोजन को अपने दैनिक जीवन में उपयोग करेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री भारती पवार ने कहा कि वर्ष 2023 पूरे देश में श्रीअन्न योजना के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विजन है कि हमारे देश का प्रत्येक युवा पूर्ण रूप से स्वस्थ रहे और खुशहाल रहे। इसके लिए जरूरी है कि देश का प्रत्येक युवा अपनी डाईट में पौष्टिक आधार वाले संतुलित भोजन पर विशेष ध्यान दे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष में ‘श्रीअन्न योजना’ के लिए विशेष फोकस किया जा रहा है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश में मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में विशेष कार्य कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि श्रीअन्न योजना के तहत संचालित होने वाले श्री अन्न कैफे (मिलेट कैफे ) में मोटा अनाज अर्थात ज्वार-बाजरा, रागी, मक्का आदि के डोसे, चीला, ढोकले, मल्टीग्रेन बिस्किट और इडली जैसे भोज्य पदार्थों को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस अवसर पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री भारती पवार को छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल मैस में बनाए जाने वाले मोटे अनाज आधारित भोजन की विस्तृत जानकारी दी। प्रोफेसर( डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि संस्थान मिलेट आधारित भोजन बनाने पर विशेष गंभीरता अपना रहा है और इसे अपनाने के लिए छात्र छात्राओं को भी प्रेरित कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि ” मैं एम्स ऋषिकेश परिसर को देखकर काफी प्रभावित हूं। खासतौर पर संस्थान में मरीज़ों को मिलने वाले इलाज की सुविधाएं बेहतर हैं”। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय अनुसंधान का समय है और चिकित्सा के क्षेत्र में यह बहुत आवश्यक है कि हमारे छात्र छात्राएं रिसर्च के क्षेत्र में भी विशेष लगाव और रुचि रखें। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार आम जनमानस के स्वास्थ्य के प्रति विशेष चिंतित है और हमें चाहिए कि हम अनुसंधान के क्षेत्र में अधिक से अधिक कार्य करें। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री भारती प्रवीन पवार ने संस्थान के परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा।

**********

भूमि बचाओ रैली में फलसीमा गांव के लोग ढोल नगाड़े के साथ होंगे शामिल।

अल्मोड़ा:अशोक कुमार पाण्डेय: भूमि बचाओ संघर्ष समिति फलसीमा में आज हुई बैठक में 13 मई को भू माफिया भगाओ पहाड़ बचाओ रैली में ढोल नगाड़ों के साथ शामिल होने का फैसला किया गया। इस मौके पर उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सरकारों की मिली भगत से गांव – गांव में माफियाओं की घुसपैठ हो रही है जिसके खिलाफ सड़क पर उतरना आज जनता की मजबूरी है।
अल्मोड़ा से सटे फलसीमा गांव में आज हुई बैठक में 13 मई को गांधी पार्क अल्मोड़ा से शुरू होने वाले प्रदर्शन में ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई। इस मौके पर भूमि बचाओ संघर्ष समिति के विनोद बिष्ट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना काल के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में भू माफियाओं की बढ़ती घुसपैठ को लेकर सरकार व हमारे चुने गए जन प्रतिनिधियों की चुप्पी हैरत में डालने वाली है। उन्होंने कहा कि अब जनता के पास सड़क पर उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। बैठक में अल्मोड़ा व खास प्रजा क्षेत्र में भी रैली को सफल बनाने के लिए सघन जन संपर्क अभियान चलाने का फैसला लिया गया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड के अनेक जन संगठनों व आंदोलनकारियों ने इस रैली में शामिल होने की सूचना दी है और उत्तराखंड के अनेक जन संगठनों ने अपने अपने क्षेत्रों से भी आंदोलन के समर्थन में ज्ञापन देने की अपील की है।
बैठक में भूमि बचाओ संघर्ष समिति फलसीमा के बिशन सिंह बिष्ट, बलवंत सिंह बिष्ट, विनोद सिंह बिष्ट, किशन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट के साथ एडवोकेट जीवन चंद्र उपपा महासचिव नारायण राम उत्तराखंड छात्र संगठन की भावना पांडे ने भी संबोधित किया।
बैठक में जनता से राज्य की अस्मिता की रक्षा के लिए रैली को सफल बनाने हेतु तन मन धन से सहयोग करने की अपील भी की गई।
बैठक में लक्ष्मण सिंह बिष्ट, संतोष बिष्ट, रेखा बिष्ट, मदन मोहन सिंह बिष्ट, सरोज बिष्ट, दीपा बिष्ट, कमला बिष्ट, सरस्वती देवी, हिमांशु बिष्ट, कमल सिंह बिष्ट समेत दर्जनों लोग शामिल थे।

**********