राज्यपाल ने उच्चाधिकारियों के साथ  बैठक कर चारधाम यात्रा की तैयारी की जानकारी ली# प्रदेश की महिलायें अपनी क्षमता एवं दक्षता से बढ़ा रही है राज्य का गौरव और सम्मान- मुख्यमंत्री #विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार के श्री गु.रा.रा. पब्लिक स्कूल में लगे रोजगार मेले का उद्घाटन किया।#सरस्वती विद्यामंदिर आवास-विकास में सरस्वती पूजन व हवन से किया नए सत्र का शुभारंभ-www.janswar.com

-अरुणाभ रतूड़ी

 

राज्यपाल ने उच्चाधिकारियों के साथ  बैठक कर चारधाम यात्रा की तैयारी की जानकारी ली

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को राजभवन में उत्तराखण्ड चारधाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में शासन के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में चारधाम यात्रा से जुड़े जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संबंधित अन्य अधिकारी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग से मौजूद रहे।

राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखण्ड की सामाजिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था की पहचान है। यात्रा को सहज, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभागों सहित सभी हितधारकों का आपसी समन्वय जरूरी है। राज्यपाल ने कहा कि यह 09 से 05 की ड्यूटी नहीं है बल्कि इसमें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पूरे समर्पण भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाला प्रत्येक यात्री हमारा ब्रांड अम्बेसडर है, हमारा प्रयास रहे कि वह यहां से संतुष्ट होकर जाएं।

राज्यपाल ने कहा कि विगत वर्षों के अनुभवों से सीख लेते हुए हमें इस वर्ष उन चुनौतियों से निबटने का प्लान तैयार किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर विभाग को अपने फर्स्ट रिस्पांडर यानी यात्रियों तथा आमजन के संपर्क में सबसे पहले आने वाले कार्मिकों को चिन्हित कर उन्हें प्रशिक्षित करना चाहिए। यही फर्स्ट रिस्पांडर यात्रियों की सहायता करते हैं और सफल यात्रा संचालन में इनका बड़ा योगदान होता है। उन्हें यह भी बताया जाए कि यात्रियों से किस प्रकार व्यवहार किया जाए और यात्रियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि हमें प्रत्येक विपरीत परिस्थितियों के लिए तैयार रहना है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों में यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं सहित उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए। चारधाम यात्रा में स्थानीय लोगों की भागीदारी व उनका सहयोग अवश्य लिया जाए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हमें अपनी सेवाओं में लगातार वैल्यू एडिशन करना होगा। इसके साथ-साथ नई तकनीकी जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, मोबाइल एप आदि के माध्यम से यात्रियों को सुविधाएं दी जाएं।

राज्यपाल ने इस दौरान चारधाम यात्रा में विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों जिनमें पर्यटन विभाग, लोक निर्माण, पुलिस, परिवहन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, चिकित्सा, शहरी विकास, पेयजल, आपदा प्रबंधन, नागरिक उड्डयन, पशुपालन सहित अन्य विभागों की वर्तमान तक की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी तैयारियां यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सुनिश्चित कर ली जायेंगी।

बैठक में सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि यात्रा के दौरान लगभग 1600 बसों को चिन्हित किया गया है, इसके अलावा 300 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। यात्रा मार्ग पर चलने वाले सभी वाहनों को फिटनेस ग्रीन कार्ड जारी किये जा रहे हैं।

सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर.राजेश कुमार ने बताया कि यात्रा मार्गों में हेल्थ एटीएम स्थापित किये जा रहे हैं, जिनमें 72 प्रकार की जांच सुविधा उपलब्ध रहेंगी। स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य मित्र का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है जो होटल आदि में ठहरने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की इमरजेंसी होने पर सहायता करेंगे।

अपर सचिव पर्यटन पूजा गर्ब्याल ने बताया कि इस वर्ष माह फरवरी से ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। अब तक चारधाम यात्रा के लिए 12 लाख से अधिक लोगों द्वारा पंजीकरण करवाया जा चुका है। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जिसमें 2 हजार लोगों द्वारा पंजीकरण करवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि धामों में दर्शन के लिए कतार प्रबंधन हेतु स्लॉट/टोकन व्यवस्था की शुरूआत की जायेगी, जिससे दर्शन के दौरान अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा। यात्रा मार्गों पर अस्थाई शौचालयों का कार्य गतिमान है।

अपर सचिव नागरिक उड्डयन विभाग श्री सी.रविशंकर ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए 9 ऑपरेटर्स की हैली सेवाएं ली जा रही हैं जिनकी दरें निश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि आईआरसीटी के माध्यम से भी हैली सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है। हैली बुकिंग से संबंधित शिकायत निवारण प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी की तैनाती की जा रही है।

प्रबंध निदेशक जीएमवीएन विनोद गिरी गोस्वामी ने बताया कि जीएमवीएन की ओर से अस्थाई टेंट कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा में आने वाले पर्यटकों हेतु 14 टूर पैकेजेज बनाये गये हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्षभर चलने वाले टीआरएच में आने वाले यात्रियों को उपहार स्वरूप स्थानीय उत्पाद प्रदान किये जायेंगे जिससे यात्री यहां से अच्छी यादें लेकर जाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, सचिव श्री राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव दिलीप जावलकर, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ.वी मुरूगेशन, आईजी गढ़वाल के.एस.नागन्याल, अपर सचिव नितिन सिंह भदौरिया, निदेशक शहरी विकास नवनीत पाण्डे सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

*********

परमार्थ निकेतन (यमकेश्वर पौड़ी गढवाल): प्रदेश की महिलायें अपनी क्षमता एवं दक्षता से बढ़ा रही है राज्य का गौरव और सम्मान- मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति अपनी क्षमता एवं दक्षता से राज्य का सम्मान तथा गौरव बढ़ा रही है। प्रदेश की समृद्ध एवं गौरवशाली परम्परा को आगे बढाने का दायित्व  भी हमारी नारी शक्ति बखूबी निभा रही है। हमारी संस्कृति अर्द्धनारिश्वर की उपासना के साथ देवियों की पूजा की परम्परा रही है।
आज 10अप्रैल 23 को परमार्थ निकेतन यमकेश्वर पौड़ी गढवाल  में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला शक्ति को महाशक्ति बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में तो स्त्री ही सृष्टि की समग्र अधिष्ठात्री है, क्योंकि नारी सृजनात्मक शक्ति का प्रतीक होने के साथ ही संस्कृति एवं परंपराओं की संवाहक होती हैं एवं आदिकाल से भारतीय संस्कृति में महिलाओं को काफी ऊंचा स्थान हासिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई, अहिल्याबाई होल्कर एवं सती सावित्री जैसी अनेक नारियों ने अपनी क्षमता के बूते समय-समय पर इसको प्रमाणित करने का कार्य किया। हमारी सांस्कृतिक विरासत में मां का स्थान सर्वश्रेष्ठ माना गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पुनः अपनी पुरातन विचार संस्कृति की ओर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश महिला विकास से आगे बढ़कर महिलाओं के नेतृत्व की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी महिला कार्यकर्ताओं पर प्रदेश की आधी आबादी के प्रतिनिधित्व की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, हमारे देश और प्रदेश की समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी आप पर है। हमारी सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास अपार उपलब्धियां और योजनाएं है और इन उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर हर बहन तक पहुंचने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा की है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा लगातार पार्टी के कार्यक्रमों के साथ ही रचनात्मक और सामाजिक कार्यो में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और उन्हें  पूर्ण विश्वास है कि आगामी समय में महिला मोर्चा और भी महत्वपूर्ण कार्य करेगा। महिला शक्ति ही महाशक्ति है इसलिए महिला मोर्चा की आप सभी उत्साही कार्यकर्ता जब घर-घर संपर्क करेंगी तो जनता का हमारे प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारी नारीशक्ति ने अपने कार्यों से, आत्मबल से और आत्मविश्वास से स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने खुद को तो आगे बढ़ाया ही है, साथ ही देश और समाज को भी आगे बढ़ाने और एक नए मुकाम पर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब देश में महिलाओं का हर क्षेत्र में सहयोग एवं योगदान बढ़ता है, तब देश का विकास सुनिश्चित हो जाता है। आखिर हमारा न्यू इंडिया का सपना यही तो है, जहां नारी सशक्त हो, सबल हो और देश के समग्र विकास में बराबर की भागीदार हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार राजनीति के एजेंडे की धुरी बदलने का काम किसी ने किया है तो वह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम देश में हो रहे हैं वे नए भारत की तस्वीर को प्रस्तुत करते हैं। नए भारत की तस्वीर में महिला पीछे नहीं बल्कि समाज का नेतृत्व करने के लिए आगे खड़ी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में महिला सशक्तिकरण हमेशा से प्राथमिकता पर रहा है। ये प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की ही सरकार है जिसने तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करके वर्षों से इस कुप्रथा का दंश झेल रही मुस्लिम महिलाओं को सम्मान के साथ जीवन यापन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वित्तीय समावेश से लेकर सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा से लेकर आवास, शिक्षा से लेकर उद्यमिता तक, हमारी नारी शक्ति को भारत की विकास यात्रा में सबसे आगे रखने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। ये प्रयास आने वाले समय में और भी अधिक उत्साह के साथ जारी रहेंगे। उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, शौचालयों का निर्माण ये सभी कार्य इसके उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का दर्द किसी ने समझा तो वो आदरणीय मोदी जी ने ही समझा। ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ही थे जिन्होंने देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसा अभियान प्रारंभ किया। हमारी सरकार ने भी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण का संपूर्ण लाभ देने के लिए जिस तेज गति से काम किया, उससे आप हमारी प्रतिबद्धता को समझ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की समस्त माताओं और बहनों ने अपने अथक परिश्रम से जहां एक ओर आर्थिक रूप से अपने आपको आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है वहीं देवभूमि की सभ्यता और संस्कृति को भी जीवंत रखा है। हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें आपका आशीर्वाद चाहिए, आपका समर्थन चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक हमारी सरकार के “सशक्त मातृशक्ति सशक्त राज्य“ के संकल्प को पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति ने समय-समय पर अपनी क्षमताओं से प्रदेश का गौरव और सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है, हमारी सरकार के सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड निर्माण के “विकल्प रहित संकल्प“ की सिद्धि के लिए भी आप अपना योगदान सुनिश्चित करेंगी इसका भी भरोशा मुख्यमंत्री ने जताया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आशा नौटियाल, विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट, महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के परमार्थ निकेतन पहुंचने पर परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने भी उनका स्वागत किया।

***********

कोटद्वार (पौड़ी गढवाल)समाचार

विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार के श्री गु.रा.रा. पब्लिक स्कूल में लगे रोजगार मेले का उद्घाटन किया

जनपद के विधानसभा कोटद्वार में आयोजित विशाल रोजगार मेला का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया। कोटद्वार के देवी रोड स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में केंद्र व राज्य सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सहयोग से राज्य स्तरीय विशाल रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान 70 से अधिक टेक्निकल एवं नानटेक्निकल कंपनियों ने बेरोजगार युवाओं के इंटरव्यू लिये। कई कपनियों द्वारा अभ्यर्थियों को ऑन द स्पॉट ही नियुक्ति पत्र दे दिया गया।
कोटद्वार के रोजगार मेले आई.टी बीपीओ, इंफ्रास्ट्रक्चर,इंजीनियरिंग,इलेक्ट्रिक, बैंकिंग,कंसल्टिंग, रिटेल,टेलिकॉम जैसे सेक्टर्स की 74 कंपनियों ने भाग लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की वह कोटद्वार के युवाओं के रोजगार और उनके  विकास के लिए संकल्पित है। उन्होंने केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया साथ ही उन्होंने राज्य के मा0 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का भी आभार व्यक्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत कोटद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा राज्य के युवाओं हेतु समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन रोजगार मेलों का मुख्य उद्देश्य नियोजकों तथा युवाओं को एक मंच पर लाना है ताकि उद्योगों को कुशल कामगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के हित में एक सराहनीय प्रयास है। इस मेगा जॉब फेयर में विभिन्न क्षेत्रों जैसे फार्मा, सूचना प्रौद्योगिकी, टूरिज्म एवं हास्पिटेलिटी, मैन्यूफैक्चरिंग, सेक्योरिटी तथा सर्विस सेक्टर आदि से सम्बन्धित प्रतिष्ठित कम्पनियाँ भाग ले रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के समेकित प्रयासों तथा रोजगार परक नीतियों एवं कार्यक्रमों को धरातल पर कार्यान्वित करने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वाधान में जहाँ देहरादून, हरिद्वार, कोटद्वार व दिल्ली एनसीआर की लगभग 70 प्रतिष्ठित कम्पनियां इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रही है। कहा कि युवाओं को रोजगार की आवश्यकता है युवाओं का विकास होगा तो निश्चित ही राज्य और देश प्रगति करेगा।  विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं से रोजगार लेने का लाभ लेने के लिए आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने चयन कर रही कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरक्षण किया।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारी ने बताया की रोजगार मेले में लगभग 1900 से अधिक युवाओं द्वारा रजिस्ट्रेशन किए गए हैं।
इस अवसर पर स्किल डेवलपमेंट डायरेक्टर उत्तराखंड हरवीर सिंह, एसडीएम कोटद्वार प्रमोद कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा विरेंद्र रावत, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथुला, मंडी अध्यक्ष सुमन कोटनाला, राजेश त्रिपाठी, हरी सिंह पुंडीर, सुभाष पांडे, कुलदीप रावत, सुरेंद्र सिंह आर्य, नीरू बाला खंतवाल, मंजू जखमोला, कमल नेगी आदि मौजूद रहे।

**********

ऋषिकेश समाचार

सरस्वती विद्यामंदिर आवास-विकास में सरस्वती पूजन व हवन से किया नए सत्र का शुभारंभ।

आवास विकास कॉलोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में मां सरस्वती पूजन व हवन के साथ नए सत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वर्तमान प्रधानाचार्य श्रीमान उमाकांत पंत जी व उपप्रधानाचार्य सतीश चौहान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया प्रधानाचार्य श्री उमाकांत जी ने बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान विश्व का सबसे बड़ा शिक्षण संस्थान है जिसका एकमात्र लक्ष्य छात्र का बहुमुखी विकास करना है साथ ही उन्होंने इस अवसर पर सभी नवीन भईया बहिनों का तिलक लगाकर स्वागत किया। प्रधानाचार्य उमाकांत पंत जी ने समस्त विद्यालय परिवार के साथ मिलकर हवन में इस नवीन सत्र की मंगल कामना हेतु आहुति दी। इस अवसर पर श्री मनोज पंत,नंदकिशोर भट्ट,राजकुमार यादव,सहित सभी अध्यापक गण उपस्थित रहे।