गंगोत्री,यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। #राज्यपाल ने गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के स्थापना शताब्दि पर बधाई व शुभकामनाएं दी।#जागनाथ महोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुंजवाल#सांसद द्वारा मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया-www.janswar.com/

-अरुणाभ रतूड़ी

देहरादून, 22अप्रैल2023

गंगोत्री,यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं।

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट विधि विधान के साथ शनिवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर  श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए है। तय कार्यक्रमानुसार गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 12 बजकर 35 मिनट पर और यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 41 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए है। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु गंगोत्री में मां गंगा एवं यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। आज पहली पूजा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नाम से की गई।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खरशाली, यमुनोत्री में पूजा अर्चना की। उसके बाद मां यमुना जी की उत्सव डोली को शनि देव की अगुवाई में खरशाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना किया गया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज मां यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। 25 अप्रैल को श्री केदारनाथ एवं 27 अप्रैल को श्री बद्रीनाथ के कपाट खुलेंगे। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का देव भूमि आगमन पर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा हर्षोल्लास के साथ होगी। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भगवान बद्री विशाल, बाबा केदार, मां यमुनोत्री एवं गंगोत्री की कृपा सभी पर बनी रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश एवं प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना भी की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में पूजा-अर्चना कर मां गंगा जी का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए देश विदेश से जो भी श्रद्धालु आएंगे  उन्हे दर्शन कराए जाएंगे। चार धाम यात्रा के दृष्टिगत सभी तैयारियां की गई है। सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। राज्य में श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा की सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।
गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री हरीश सेमवाल ने बताया कि शुक्रवार को 12ः15 मिनट पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। रात्री विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करने के उपरांत अगले दिन सुबह 8 बजे मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम पहुंची। जहां विधिविधान के साथ गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ एवं विशेष पूजा अर्चना के बाद सर्वार्थ अमृत सिद्ध योग पर 12ः35 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव श्री सुरेश उनियाल ने बताया कि मां यमुना की डोली शनिवार सुबह अक्षय तृतीया के पर्व पर अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव से प्रातः 8 बजे शनिदेव की अगुवाई में यमुनोत्री धाम को रवाना हुई। डोली 11 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां पूजा अर्चना एवं हवन करने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अभिजीत मुहूर्त में 12ः41 पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिए गए है।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला, एसपी अर्पण यदुवंशी, जिलाध्यक्ष बीजेपी सतेंद्र सिंह राणा, अध्यक्ष कॉपरेटिव बैंक विक्रम सिंह सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

********

राज्यपाल ने गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के स्थापना शताब्दि पर बधाई व शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को राजभवन से गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज, हरिद्वार की स्थापना के शताब्दी समारोह को बतौर मुख्य अतिथि वर्चुअली सम्बोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं महान शिक्षाविद् स्वामी श्रद्धानंद जी द्वारा स्थापित गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर इस संस्थान से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल ने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा शास्त्र ही नहीं बल्कि जीवन जीने की एक कला है। स्वास्थ्य संरक्षण और स्वास्थ्य संवर्धन में आयुर्वेद की विशेष भूमिका है। आज रोग से सुरक्षा हेतु रोग प्रतिरोधक क्षमता को उन्नत करने में आयुर्वेद की औषधियों की भूमिका वैज्ञानिक कसौटी पर खरी उतरी है। हाल ही में कोरोना महामारी में आयुर्वेद चिकित्सा की सार्थकता सिद्ध हुई है।

राज्यपाल ने कहा कि आयुर्वेद के नियमों के अनुसार यदि हम अपनी दिनचर्या, रात्रिचर्या तथा साथ ही ऋतुचर्या का पालन करें तो हम अपने आप को बीमार पड़ने से बचा सकते हैं। पंचकर्म चिकित्सा, क्षारसूत्र चिकित्सा, रसायन जड़ी बूटियों का प्रयोग आयुर्वेद की ऐसी विधाएँ हैं जिन्होंने आयुर्वेद के वैश्वीकरण में अहम भूमिका निभायी हैं। राज्यपाल ने कहा कि इस संस्थान से विद्या अर्जित करने वाले बड़े-बड़े वैद्य और चिकित्सकों ने इस विद्या के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड आयुर्वेद की जन्मभूमि है। हिमालय क्षेत्र से ऋषि मुनियों ने योग और आयुर्वेद के द्वारा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ जीवन मुक्त अवस्था प्राप्त करने का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद और मर्म चिकित्सा ऐसी पद्धतियां हैं जिनकी वर्तमान समय में मानव के स्वास्थ्य के संदर्भ में अहम भूमिका है। यह हर्ष का विषय है कि उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध कालेज आयुर्वेद की प्राचीन विधा -‘मर्म चिकित्सा’ को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

**********

 जागनाथ महोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुंजवाल

अल्मोड़ा(अशोक कुमार पण्डेय)    मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे कुंजवाल
जागेश्वर-मां नैना सांस्कृतिक जन कल्याण समिति द्वारा गरुराबाज मैदान में जागनाथ महोत्सव 2023 के द्वितीय दिवस के अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल मुख्य अतिथि के रुप में एवं धौलादेवी के पूर्व प्रमुख एवं पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुंजवाल ने कहा कि जागेश्वर में 2015 में कांग्रेस की सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सहयोग से गरुड़ाबाज में बहुत बड़ा जागेश्वर महोत्सव एवम अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव सम्पन्न कराया गया।इन महोत्सवों के माध्यम से यह क्षेत्र पूरे देश एवम विश्व के पटल पर छाया रहा।आज सांस्कृतिक समिति एवम लोक कलाकारों द्वारा इस स्थान पर महोत्सव आयोजित किया गया है।इसके लिए उन्होंने आयोजक मंडल एवम सांस्कृतिक कलाकारों को बधाई दी।उन्होंने अफसोस व्यक्त करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कलाकारों के मनोबल को बड़ाने के लिए ऐसा लगता है कि सांस्कृतिक विभाग एवम सरकार उदासीन है।उन्होंने सरकार एवम सांस्कृतिक विभाग से मांग भी की कि इस प्रदेश के सांस्कृतिक एवम लोक कलाकारों को बढ़ावा देने की अवश्यकता है। इसमें सरकार एवम सरकार के जन प्रतिनिधि बड़ चढ़ कर आगे आए एवम कलाकारों के मनोबल को बड़ाने का कार्य करे। यहां पहुंचने पर आयोजक मंडल द्वारा कुंजवाल एवम उनके साथ आए हुए अतिथियों का ढोल नगाड़ों से भव्य स्वागत किया गया।कार्यक्रम में कुंजवाल के साथ पूर्व प्रमुख एवम पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे,पूर्व डी सी बी चेयरमैन दीवान सिंह भैसोंडा,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट,पूर्व जिला पंचायत सदस्य निर्मला भैसोड़ा,ब्लॉक अध्यक्ष जागेश्वर विशन सिंह बिष्ट,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष देवेंद्र सिंह धोनी,यूथ विधानसभा अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मलारा,विधानसभा सोशल मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट,पूर्व प्रधान हरी मोहन भट्ट,संतोष कुमार,मोहन सिंह रावत, नरेंद्र सिंह बनौला, पूरन चंद्र पाटनी,प्रधान धसपद दिनेश पांडे,प्रधान काफली राजेंद्र प्रसाद,प्रधान सिंधिया मल्ला बसंत राम,प्रधान लाधौली पंकज कुमार,पूर्व प्रधान बचे सिंह बिष्ट,बीरेंद्र सिंह बॉबी,बालम चम्याल, कैप्टन रमेश चंद्र,बहादुर राम,दीवान सिंह बिष्ट,कुंदन सिंह रौतेला,चंद्र शेखर उपाध्याय,हरीश पांडे,प्रकाश पांडेय सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

******

सांसद द्वारा मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया

अल्मोड़ा:(अशोक कुमार पाण्डेय)  सांसद अजय टम्टा द्वारा मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें हो रहे विकास कार्यों स्थलीय निरीक्षण भी किया गया तथा भविष्य में होने वाले काम का भी संज्ञान लिया जिसमें वर्तमान में मेडिकल कालेज में 320 बेड की व्यवस्था वर्तमान में सुचारू रूप से चल रहा है। और भविष्य में 120 बेड की व्यवस्था का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में वेंटिलेटर सुचारू रूप से चल रहे हैं तथा बाकी बचे कार्यों को प्रदेश सरकार से बात कर धरातल में अंगीकार करने के लिए वार्ता की जाएगी तथा निकट भविष्य में अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज मे पैरामेडिकल मेडिकल बच्चों की कक्षाएं जल्दी स्वीकृत की जायेगी व ब्लड बैंक को जल्दी ही प्रारंभ करने के निर्देश दिये तथा जल्द ही यहां कैंसर पीड़ितों का इलाज शुरू करने के लिए मशीनें इत्यादि आ चुकी है अब इसका संबंधित रोगियों को जल्दी लाभ मिलने लगेगा और निकट भविष्य में यहां पर छात्र छात्राओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था का काम शुरू कर दिया गया है जिससे छात्र छात्राओं को इसका लाभ जल्दी ही मिलने लगेगा शेष कार्यों के लिए माननीय सांसद जी द्वारा प्रदेश सरकार से वार्ता करने के लिए कहा गया सांसद जी ने हो रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा सरकार के द्वारा त्वरित गति से तमाम विकास कार्य किए जा रहे हैं।परंतु तथाकथित लोगों द्वारा सरकार के द्वारा किए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्यो को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं अपनी ओछी राजनीति करते हुए जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे है । सरकार हर संभव जरूरतमंदों को लाभ दिलाने के लिए कृत संकल्प है निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा जिलाधिकारी श्री गोपाल सिंह चौहान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य श्री भैसोडा़ जी व तहसीलदार कुलदीप पांडे जी जिला महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट जिला मंत्री महेश बिष्ट ,राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी,पंकज जोशी धर्मवीर आर्य पूर्व देश के प्रमुख हरीश भट्ट,प्रताप कनवाल,व मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर व कर्मचारी मौजूद थे।