राज्यपाल ने स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी के ‘चारधाम साथी’ मोबाइल एप्लीकेशन को लांच किया# कोटद्वार के काशीरामपुर में फायरिंग रेंज की अधिसूचना #उत्तराखंड इंजीनियर्स फेडरेशन की अल्मोड़ा शाखा के इं.संदीप वर्मा अध्यक्ष तथा इं.कन्हैया जी महासचिव चुने गये। #कैबिनेट मंत्री चन्दन राम दास का शरीर मिला पंचतत्व में -www.janswar.com

-नागेन्द्र प्रसाद रतूड़ी(स्वतंत्र पत्रकार)

देहरादून 27 अप्रैल, 2023

राज्यपाल ने एसवीएन एच मिशन सोसाइटी के ‘चारधाम साथी’ मोबाइल एप्लीकेशन को लांच किया

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गुरुवार को राजभवन से स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के ‘चारधाम साथी’ मोबाइल एप्लीकेशन को लांच किया। इस मोबाइल एप का उद्देश्य से चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य जरूरतों की जानकारी उपलब्ध कराना है। इस मोबाइल एप के द्वारा यात्री नजदीकी विवेकानंद हेल्थ मिशन चिकित्सालय की जानकारी, वहां उपलब्ध सेवाएं, आपातकालीन नम्बर की जानकारी आदि प्राप्त कर सकेंगे। विवेकानंद हेल्थ मिशन द्वारा चारधाम यात्रा स्थानों में यह सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी। यह मोबाइल एप प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी की सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा किये जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम में आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधा हेतु यह मोबाइल एप बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस पहल की सराहना की और कहा कि सोसाइटी द्वारा उत्तराखण्ड में 11 स्थानों पर अपने चिकित्सालय स्थापित किए हैं जो विवेकानंद हेल्थ मिशन के सेवाभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी श्री बद्रीनाथ जी स्थित चिकित्सालय में भ्रमण किया है। अभी तक हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा लाखों मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी हैं जो अपने आप में प्रशंसनीय है।

इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के सचिव डॉ. अनुज सिंघल ने बताया कि चारधामों में तीर्थ यात्रियों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के अपने संकल्प को पूर्ण करते हुए श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम व गंगोत्री धाम में आई.सी.यू युक्त चिकित्सालय का संचालन कर रहे हैं। इनमें लैब की सुविधा, डिजिटल एक्स-रे सुविधाएं एवं फार्मेसी इत्यादि की सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देशभर से 60 से अधिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर चारधाम यात्रा चिकित्सालयों में स्वैच्छिक रूप से अपनी सेवाएं देने की सहमति दी है। उन्होंने बताया कि श्री केदारनाथ धाम में 50 बेड के अस्पताल की कार्यवाही गतिमान है। इस अवसर पर हेल्थ मिशन सोसाइटी के निदेशक ले.कर्न.डॉ. प्रवीन कुमार रेड्डी, डॉ. तारा श्री सिंघल, डॉ.संजय शाह उपस्थित रहे।
***********

काशीरामपुर में फायरिंग रेंज की अधिसूचना

कोटद्वार: अपर जिलाधिकारी गढ़वाल ने कोटद्वार फायरिंग रेंज की अधिसूचना (नोटिफिकेशन)  के संबंध में अवगत कराया है कि उत्तराखंड शासन देहरादून द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल के भाबर परगना ग्राम काशीरामपुर, पट्टी सुखरों तहसील कोटद्वार में खुले क्षेत्र में दिनांक 1 अगस्त 2022 को प्रारंभ होने वाले और 31 जुलाई 2027 को समाप्त होने वाली पांच वर्ष की अवधि के लिए गोला चलाने तथा तोप दागने का अभ्यास किये जाने हेतु दिनांक 17 फरवरी 2023 को अधिसूचना निर्गत की गयी है।
उन्होंने सार्वजनिक हित में उक्त सूचना को अधिक-से-अधिक प्रसारित करने का आग्रह किया है।

***********

उत्तराखंड इंजीनियर्स फेडरेशन की अल्मोड़ा  के इं.संदीप वर्मा अध्यक्ष तथा इं.कन्हैया मिश्रा महासचिव चुने गये।

अल्मोड़ा:अशोक कुमार पाण्डेय: उत्तराखण्ड इंजीनियर फैडरेशन की  बैठक में जिले भर से आए लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा विभाग, जल निगम, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने भागीदारी की। उक्त बैठक में जिले की कार्यकारिणी का गठन किया गया।
सर्वसम्मति से इं संजीव वर्मा को जिला अध्यक्ष, इं कन्हैया जी मिश्रा को महा सचिव, इं अमित भारतीय को कोषाध्यक्ष, इं इंद्रजीत बोस को उपाध्यक्ष, इं सौरभ जोशी को मीडिया प्रभारी, इं मुकुल गिरी को सह मीडिया प्रभारी नामित किया गया.
इं के एस कन्याल एवं अनूप पांडे केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्यों की देख रेख में कार्यकारिणी का गठन किया गया। मीटिंग में इं राजेश कुमार, इं किरण उनियाल, इं सुनील जोशी, इं आशुतोष कुमार,इं राजेंद्र सिंह दिवाकर आदि सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यकारिणी पदाधिकारियों को सदस्यों द्वारा पुष्प गुच्छ भेट करके शुभकामनाएं दी गई। नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं महा सचिव द्वारा सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं जिले भर के अभियंताओं के हितों की रक्षा की बात कही गई

**********

कैबिनेट मंत्री चन्दन राम दास का शरीर मिला पंच तत्व में

दिवंगत क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री चन्दन राम दास को जनसैलाब ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई। प्रातः 10.45 बजे उनके आवास से भारी जन समूह के साथ निकली शव यात्रा जब तक सूरज चांद रहेगा, चन्दन तेरा नाम रहेगा व चन्दन अमर रहे जैसे नारों के साथ बाजार होते हुए बागनाथ सरयू घाट पहुंची। जहां पर राजकीय सम्मान व पुलिस टुकडी की मातमी धुन के साथ अंतिम विदाई दी गयी। दिवंगत कैबिनेट मंत्री चन्दन राम दास की चिता को उनके दोनों पुत्रों द्वारा मुखाग्नि दी गयी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, प्रेम चन्द्र अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, विधायक सुरेश गढ़िया, विशन सिंह चुफाल, दीवान सिंह बिष्ट, भोपाल राम टम्टा, प्रमोद नैनवाल, बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, जिलाधिकारी अनुराधा पाल, पुलिस अधीक्षक हिमांशु वर्मा ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक संवेदना प्रकट कर स्व0 चन्दन राम दास के आकस्मिक निधन को राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। उन्होंने कहा स्व0 दास सहज व मृदुभाषी थे, उनका हमारे बीच से यो  चले जाना दुखद है। यह समाज, राज्य व पार्टी के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने हमेशा गरीबों व समाज के अंतिम छोर पर खडे व्यक्ति के लिए काम किया व जन आवाज को विधानसभा में प्रमुखता से उठाते थे। उन्होंने कहा उनके सपनों व संकल्पों को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को उनके घर जाकर ढांढस बधाया।
इस दौरान विधायक सरिता आर्या, राम सिंह कैडा, मेयर जोगेन्द्र रौतेला, पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, जिलाध्यक्ष भाजपा इन्द्र सिंह फर्स्वाण, पूर्व विधायक शेर सिंह गडिया, महेश नेगी, ललित फर्स्वाण, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, अल्मोडा प्रकाश चन्द्र जोशी,  नगर पंचायत अध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह बिष्ट, संगठन मंत्री अजेय कुमार, ब्लॉक प्रमुख गोविन्द दानू, पुष्पा देवी, हेमा बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, देवकी नंदन जोशी, खंडक टगडिया, कुन्दन रैखोला, अपर जिलाधिकारी चन्द्र सिंह इमलाल,  प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 डीपी जोशी, उपजिलाधिकारी हरगिरि, मोनिका सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व जनसैलाब मौजूद रहा।