राज्यपाल ने जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डीन व मेधावी छात्रों से वार्ता की #नेहरू ऑडिटोरियम में ऊर्जा संरक्षण दिवस पर मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि।#जिलाधिकारी ने अवैध भांग,पोस्त व अन्य नशे के उपयोग के रोकथाम बैठक की अध्यक्षता की।# प्राधिकरण समाप्ति को संघर्ष समिति ने दिया धरनाwww.janswar.com

 

-अरुणाभ रतूड़ी

राज्यपाल ने जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डीन व मेधावी छात्रों से वार्ता की

राज्यपाल लेफ़्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति, सभी कॉलेजों के डीन एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ सवांद किया। उन्होंने प्रत्येक डीन एवं निदेशकों से उनके कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। राज्यपाल ने उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न समस्याओं का संज्ञान लेते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को शासन स्तर से पूरा सहयोग दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सेवा सम्बन्धी समस्याओं के विषय पर शासन स्तर पर वार्ता कर शीघ्र ही उनका निस्तारण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से सम्बंधित अपनी समस्याओं को निःसंकोच उनके सम्मुख रख सकते हैं।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके रुचि, लक्ष्य एवं चुनौतियों के बारे में वार्ता कर उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया उन्होंने सभी को उनके लक्ष्य के लिए प्रोत्साहित किया।

तदोपरांत राज्यपाल ने क्रॉप रिसर्च सेंटर, पन्तनगर पहुँचकर जनरल बिपिन रावत, रिसर्च स्कूल का दीप प्रज्वलित कर शिलान्यास किया एवं फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कृषि यंत्रों, खाद्य उत्पादों एवं वर्टिकल फार्मिंग, उत्तराखंड की संस्कृति, त्यौहारों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गृह विज्ञान कॉलेज के द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने गृह विज्ञान के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य वर्धक उत्पादों का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक नई तकनीक एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से पूरे उत्तराखण्ड का भविष्य बदल सकते हैं, बस बिना किसी चिंता के कार्यों को पूर्ण करे तभी लक्ष्य प्राप्त होगा।

इसके उपरांत राज्यपाल ने शारीरिक शिक्षा अनुभाग पहुँचकर विश्वविद्यालय में बने व्यायामशाला (जिम) का मंत्रोचारण के साथ दीप प्रज्वलित कर, शिलान्यास किया एवं फीता काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने व्यायामशाला कि प्रसंशा करते हुए कहा कि व्यायामशाला बहुत ही आकर्षक है, व्यायाम से शरीर स्वस्थ रहता है और शरीर स्वस्थ होने से मन भी स्वस्थ रहता है। शरीर व मन स्वस्थ होने से हम सब अपने कार्यों को पूरे मनोयोग से कर सकते हैं, और मन से किये गए कार्यों में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है। इस दौरान उन्होंने बॉडी बिल्डर  प्रतियोगिता में मिस्टर उत्तराखण्ड रहे डॉ. हेम चन्द, जमिं्पग जैक में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले अंकित कुमार एवं वैटनरी के क्षेत्र में ऑल इंडिया स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाली मानसी रावत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

तदोपरांत राज्यपाल ने गौरा देवी प्रशिक्षण केन्द्र, प्रसार शिक्षा निदेशालय का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से वार्ता की। उन्होंने मंडवा, गेहूँ, बेसन एवं पहाड़ के अन्य उत्पादों के लाभ के विषय में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आश्वासन दिया कि स्वयं सहायता समूह को बाजार में उचित स्थान दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन से पूरा सहयोग करेंगे ताकि महिलाओं की आय को बढ़ाया जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी मंजुनाथ टीसी, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, निदेशक विश्वविद्यालय प्रशासन आशीष भटगाईं, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, डीन अलकनंदा अशोक, डॉ. ब्रिजेश सिंह, डॉ. एनएस जादौन, निदेशक विधि, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. एसके कश्यप, उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

**********

नेहरू ऑडिटोरियम में ऊर्जा संरक्षण दिवस पर मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि।   

ऊर्जा संरक्षण दिवस 2022 के अवसर पर जन जागरूकता की दृष्टि से दिनांक 14 दिसम्बर 2022 को ओ०एन०जी०सी० के नेहरू ऑडिटोरियम, के०डी०एम०आई०पी०ई० कैम्पस, कौलागढ़ रोड, देहरादून में दोपहर 11ः00 बजे से 01ः30 बजे तक ऊर्जा संरक्षण दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया जायेगा।

गोष्ठी में विभिन्न शासकीय विभागों, औद्योगिक-व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं छात्रों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। इस अवसर पर प्रदेश के कई शहरों के विद्यालयों में ऊर्जा संरक्षण से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर ओ०एन०जी०सी० एवं उरेडा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित करायी गई प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जायेगा। साथ ही ऊर्जा दक्ष / अक्षय ऊर्जा उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी।

********

जिलाधिकारी ने अवैध भांग,पोस्त व अन्य नशे के उपयोग के रोकथाम बैठक की अध्यक्षता की।

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में एन.सी.ओ.आर.डी. (अवैध रूप से होने वाली अफीम, खस-खस, पोस्त, भांग) तथा किसी भी तरह के नशे के उपयोग की रोकथाम के संबंध में बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, वन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय से जनपद में अवैध अफीम, खस-खस, भांग आदि की खेती रोकने तथा लोगों केा किसी भी तरह के ड्रग्स-नशे के सेवन से छुटकारा पाने के प्रयासों को तेजी से अमल में लाने के निर्देश दिये। उन्होंने विशेषकर बच्चों को नशे की लत से हर हाल में मुक्त करने के गंभीर प्रयास करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सभी मेडिकल स्टोर और ऐसी दुकानों जिन पर नशे वाली चीजों के विक्रय करने का संदेह है औचक छापेमारी करें तथा नशे वाली सामग्री पकडे जाने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने राजस्व विभाग और पुलिस विभाग को किसी व्यक्ति द्वारा दी जाने वाली गुप्त सूचना पर छापेमारी करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्कूलों के 100 मीटर की परिधि में कोई दुकान ऐसी ना हो जिसमें किसी भी तरह का तम्बाकू अथवा नशायुक्त सामग्री का विक्रय होता हो। उन्होंने संबंधित विभागों को विशेषकर समाज कल्याण को सोच रिहैबिलिटेशन संस्था के सहयोग से सभी शैक्षणिक और तकनीकि संस्थानों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिये साथ ही लोगों के बीच नशामुक्ति से संबंधित सूचना को विजुअल और प्रिंट दोनों माध्यम से डिस्ट्रीब्यूट करने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालयों में भी नशामुक्ति से संबंधित काउसिंलिग करने तथा इस पर बारीकी से नजर रखी जाए कि कौन-कौन लोग बच्चों को नशे वाली चीजें उपलब्ध करवाते है उनकी पहचान करते हुए सख्त कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि केवल वैधानिक तरीके से की जाने वाली भांग की खेती को छोड़कर बाकि पर सख्ती से लगाम लगायें।
इस दौरान बैठक में डीएफओ गढ़वाल मुकेश कुमार, डीएफओ सिविल एवं सोयम के.एन. भारती, एसडीएम सदर आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी के.पी.सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोच नशा मुक्ति केन्द्र से कृष्ण बोढ़ियाल सहित संबंधित लोग उपस्थित थे।*********

प्राधिकरण समाप्ति को संघर्ष समिति ने दिया धरना
अल्मोड़ा-जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति ने आज गांधी पार्क में धरना दिया तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।इस अवसर पर सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति के धरने को पांच साल से अधिक का समय हो गया है लेकिन प्रदेश सरकार अभी तक इस मामले में चुप्पी साधे बैठी है।उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पूर्व नवम्बर 2017 में प्रदेश सरकार ने अव्यवहारिक तरीके से अल्मोड़ा सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र में प्राधिकरण लागू कर दिया था।जिसके विरोध में नवम्बर 2017 में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी की अध्यक्षता में सर्वदलीय संघर्ष समिति का गठन किया गया था तथा तबसे लगातार समिति जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर प्रत्येक मंगलवार को धरना देती आ रही है जो बदस्तूर जारी है।उन्होंने कहा कि भाजपा की इस सरकार में जनहित के इतने बड़े मुद्दे की लगातार अनदेखी की जा रही है।जनता के विरोध एवं पांच साल से चल रहे धरने से भी सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही।धरने को सम्बोधित करते हुए समिति के संयोजक पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करने के लिए समिति स्थानीय जनता के साथ लगातार पिछले पांच वर्षों से आन्दोलनरत है।इस दौरान जुलूस,धरने,ज्ञापन आदि के माध्यम से लगातार सरकार को चेताने का कार्य किया गया।परन्तु दो दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बयान के बाबजूद प्रदेश सरकार ने इसे स्थगित कर मामले की इतिश्री कर ली।उन्होंने कहा कि सर्वदलीय संघर्ष समिति पीछे हटने वाली नहीं है।प्राधिकरण के विरोध में समिति का धरना लगातार तब तक जारी रहेगा जब तक कि सरकार इसे स्पष्ट आदेश के तहत समाप्त नहीं कर देती।धरने की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी तथा संचालन राजू गिरी ने किया।धरने में नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी,कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला,सभासद हेम चन्द्र तिवारीआदि दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

धरने के बाद वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता दिनेश चन्द्र पाण्डे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए समिति ने शोक सभा कर मृत आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।