मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का उनकी जयंती पर भावपूर्ण स्मरण किया है।#टिहरी में पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी की 136वीं जयंती धूमधाम से मनायी गयी।#पुलिस लाईन गोपेश्वर में नियुक्त आरक्षी जसवीर सिंह का निधन।www.janswar.com

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का उनकी जयंती पर भावपूर्ण स्मरण किया है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का उनकी जयंती पर भावपूर्ण स्मरण किया है। सीएम ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न स्व. पंत एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देशभक्त, समाजसेवी तथा कुशल प्रशासक थे। उन्होंने कहा कि पंडित पंत ने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगार प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठित कराने तथा उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं देश के गृहमंत्री रहते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में भी उनकी महती भूमिका रही। उनका संघर्षशील एवं प्रेरणादायी नेतृत्व देशवासियों के लिए सदा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

********

टिहरी में पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी की 136वीं जयंती धूमधाम से मनायी गयी।

टिहरी:पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी की 136वीं जयंती जनपद मुख्यालय सहित विभिन्न स्थलों पर गणमान्य लोगों द्वारा धूमाधाम से मनायी गयी।
जिला कलेक्ट्रेट परिसर नई टिहरी में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी के जन्म शताब्दी समारोह पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाधिकारी ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के जीवनवृतान्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज ही के दिन उनका जन्म उत्तराखण्ड राज्य के अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में हुआ था। स्व. पंत जी का स्वतंत्रता संग्राम में तो महत्वपूर्ण योगदान रहा ही है। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के बाद भी उनके द्वारा समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर करने, जमींदारी उन्मूलन आदि अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किये गये, जिसके लिए उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया। हमें भी उनके पदचिन्हों पर चलकर अन्तिम छोर के व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़कर उत्तराखण्ड को प्रगतिशील राज्य बनाने में अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वाह्न किया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा भी पं. गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार द्वारा विकास भवन परिसर नई टिहरी में पं. गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर विकास भवन स्थित समस्त कार्यालयों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

******

पुलिस लाईन गोपेश्वर में नियुक्त आरक्षी जसवीर सिंह का निधन।

 

पुलिस लाईन गोपेश्वर में नियुक्त उत्तराखण्ड़ पुलिस के वर्ष 2014 बैच के आरक्षी जसबीर सिंह का असामयिक निधन हो गया है। स्व0 आरक्षी जसबीर सिंह को स्वास्थ्य खराब होने के कारण दिनांक 07.09.2023 की रात्रि को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती किया गया था जहां से उन्हें हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया। आज दिनांक 10/09/2023 की प्रात: को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। मूल रुप से देहरादून जनपद निवासी आरक्षी जसबीर सिंह बहुत ही मृदुभाषी एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। पुलिस विभाग में भर्ती होने के उपरान्त उनके द्वारा सदैव विभाग के लिए मेहनत, लगन व कर्तव्यनिष्ठा से कार्य किया गया।

उनके निधन पर पुलिस विभाग अधिकारियों , कर्मचारियों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा उनका इस तरह अचानक चला जाना पुलिस परिवार की बहुत बड़ी क्षति है। जिससे पूरे पुलिस परिवार में शोक व्याप्त है। ईश्वर जीवात्मा को चरणों में स्थान दे तथा उनके परिवारिक सदस्यों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें। इस दु:ख की घड़ी में चमोली पुलिस शोक संतप्त परिवार के साथ है और साथी की आकस्मिक मृत्यु पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है।