रुद्रप्रयाग:- जनपद की पांच ग्राम पंचायतों ने लखपति दीदी योजना का शत प्रतिशत लक्ष्य किया हासिल। WWW.JANSWAR.COM

ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

रुद्रप्रयाग की 281 महिलाएं बनी लखपति दीदी
जनपद की पांच ग्राम पंचायतों ने लखपति दीदी योजना का शत प्रतिशत लक्ष्य किया हासिल

महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी वार्षिक आय एक लाख से अधिक पहुंचाने का है लक्ष्य

रुद्रप्रयाग 05 मार्च 2024:- सरकार की महत्वकांक्षी लखपति दीदी योजना महिलाओं के लिए आजीविका सुधार का अहम जरिया साबित हो रही है। योजना के तहत कई ग्रामीण अंचल की महिलाओं के जीवन में सुधार आया है। जनपद रुद्रप्रयाग में अधिकारियों एवं प्रशासन के प्रयासों से पांच ग्राम पंचायतों ने योजना का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए 281 महिलाओं को लखपति दीदी योजना से लाभान्वति कर मिसाल पेश की है।

मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने बताया कि राज्य सरकार की लखपति दीदी योजना का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए विकास खंडों में लगातार प्रयास जारी हैं। योजना के तहत ग्राम पंचायतों में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी वार्षिक आय एक लाख से अधिक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौजूदा समय में जनपद के तीनों विकासखण्डों में से ऊखीमठ में तीन, अगस्त्यमुनि और जखोली में एक- एक ग्राम पंचायतों ने शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। ऊखीमठ ब्लॉक की ग्राम पंचायत गड़गू की 34, गैड की 15 एवं राउलेक की 31 महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ा गया है। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की कंडारा ग्राम पंचायत की 90 और जखोली ब्लॉक की तैला ग्राम पंचायत की 111 महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ा गया है। ग्रामीण महिलाओं को कृषि, पशुपालन एवं वन उपज योजनाओं से जोड़ते हुए महिलाओं की आजीविका सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने मुख्य विकास अधिकारी सहित तीनों विकास खण्डों के खण्ड विकास अधिकारियों की सराहना करते हुए और अधिक महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की मातृशक्ति की आजीविका सुधार के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएं। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें लाभान्वित कर उनकी अर्थिक स्थिति में सुधार का कार्य लगातार किया जाए।