डॉ. अग्रवाल के आवास पर बैठक: मीनाक्षी मित्तल संग जनसमस्याओं पर मंथन।

ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गंगा अनुरक्षण निदेशक से की जनसमस्याओं पर चर्चा।

ऋषिकेश:-ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने आवास पर गंगा अनुरक्षण इकाई हरिद्वार की परियोजना निदेशक मीनाक्षी मित्तल के साथ बैठक कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण जनसमस्याओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर गली नंबर 3 एवं भगत सिंह कॉलोनी में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का संज्ञान लिया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आमजन को अनावश्यक असुविधा नहीं होनी चाहिए और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवरेज लाइन से संबंधित कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, साथ ही खोदी गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है और जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।