पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार—तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल। WWW.JANSWAR.COM

बंगापानी-मदकोट मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, तीन की मौत से क्षेत्र में शोक

पिथौरागढ़:- जिले में बंगापानी–मदकोट मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुनस्यारी की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार युवक इनोवा कार से मदकोट की ओर से Munsiyari जा रहे थे। जैसे ही वाहन बंगापानी क्षेत्र में एन बैंड के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दो घायलों को अस्पताल भेजा गया, जिनमें से एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में लक्ष्मण सिंह नेगी निवासी धूरातोली मुनस्यारी, अंकित पांडेय निवासी दौला पिथौरागढ़ और आयुष पंत निवासी पिथौरागढ़ शामिल हैं। जबकि घायल देवेश पंत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।