देहरादून में ‘रोड रेज’ का कहर: बेकसूर रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत।
देहरादून:- राजधानी देहरादून से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार सुबह राजपुर रोड पर ‘रोड रेज’ की घटना ने एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच दो गाड़ियों में सवार लोगों के बीच तेज रफ्तार में पीछा और विवाद चल रहा था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक गाड़ी से फायरिंग कर दी गई।
इस फायरिंग में निकली एक गोली सीधे ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी, जो इस पूरे विवाद से पूरी तरह असंबंधित थे। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
- फायरिंग करने वाले आरोपी अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गए।
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
