पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को किया सकुशल बरामद। WWW.JANSWAR.COM

पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को किया सकुशल बरामद,सौतेले पिता ने किया था नाबालिग के साथ दुष्कर्म।

कोटद्वार:- स्थानीय कोटद्वार निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली कोटद्वार में दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई है और अभी तक वापस घर नहीं लौटी है। प्रकरण नाबालिग बालिका से संबंधित होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदा नाबालिग बालिका की बरामदगी हेतु कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार प्रदीप नेगी को तत्काल पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा तत्काल नाबालिग बालिका की तलाश प्रारंभ की गई।खोजबीन के दौरान पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि नाबालिग बालिका 5 फरवरी को अपनी नानी के पास बी.ई.एल. रोड गई थी। पूछताछ में नानी द्वारा बताया गया कि बालिका अत्यंत डरी हुई अवस्था में थी। उसने बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ नहीं रहना चाहती है, क्योंकि वे उसे परेशान करते हैं। हालांकि, बालिका द्वारा पूरी बात स्पष्ट रूप से नहीं बताई गई थी। तत्पश्चात नानी द्वारा बालिका को अपने एक परिचित के यहां सिगगडी क्षेत्र में छोड़ दिया गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा नाबालिग बालिका को सिगगडी कलालघाटी क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया। बरामदगी के पश्चात बालिका को सुरक्षित वातावरण में रखते हुए विश्वास में लेकर जानकारी की गई तो बालिका द्वारा बताया गया कि 5 प फरवरी की रात्रि को उसके सौतेले पिता नजीबाबाद रोड कौड़िया निवासी रोशन पांडे द्वारा जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। उक्त घटना से भयभीत होकर वह घर से निकलकर अपनी नानी के पास चली गई थी। पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त रोशन पांडे को नजीबाबाद रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल चौहान, उपनिरीक्षक शशिभूषण जोशी, उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, हेड कांस्टेबल शशिकांत त्यागी शामिल थे।