छिद्दरवाला में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का बड़ा कदम, 14 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सुविधाओं की घोषणा। WWW.JANSWAR.COM

छिद्दरवाला पहुंचे विधायक अग्रवाल; आंगनबाड़ी केंद्रों की बदली जाएगी सूरत, बच्चों की जरूरतों का रखा जाएगा खास ख्याल।

ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के 14 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को बेहतर वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार और समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से विधायक निधि के माध्यम से सभी केंद्रों में प्लास्टिक कुर्सी, प्लास्टिक मेज, अलमारी, बक्सा ट्रंक, कुकर (8 लीटर), प्लास्टिक घोड़ा (खेल सामग्री) एवं वेट मशीन जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायता मिलेगी।

इस दौरान बच्चों की क्षमता के अनुसार कुल 5 अलग-अलग पैकेज तैयार किए गए हैं। प्रथम पैकेज 2 से 5 बच्चों वाले केंद्रों के लिए बनाया गया है, जिसमें सीमित संख्या में आवश्यक फर्नीचर और सामग्री दी जाएगी। द्वितीय पैकेज 6 से 10 बच्चों के लिए है, जिसमें कुर्सियों और मेज की संख्या बढ़ाई गई है। तृतीय पैकेज 11 से 15 बच्चों के लिए निर्धारित किया गया है, जिसमें और अधिक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। चतुर्थ पैकेज 16 से 20 बच्चों के लिए तथा पंचम पैकेज 21 से 30 बच्चों के लिए तैयार किया गया है, जिसमें केंद्रों की बढ़ती आवश्यकता के अनुसार सभी सामग्री की संख्या में वृद्धि की गई है, ताकि किसी भी बच्चे को संसाधनों की कमी न हो।

विधायक ने कहा कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले गरीब और जरूरतमंद बच्चों को काफी लाभ मिलेगा तथा उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विधायक द्वारा की गई इस सराहनीय पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे क्षेत्र के गरीब परिवारों के बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा तथा शिक्षा और पोषण के स्तर में सुधार होगा।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा,प्रधान शैलेंद्र रांगड,हरीश पैन्यूली,गुरप्रीत सिंह सोढ़ी, धर्म सिंह चौहान, कैलाश रतूड़ी,योगेश प्रजापति,भरत सिंह भंडारी,प्यार सिंह बगियाल,अनीता राणा, शमा पंवार,कमलेश सिंह बिष्ट,उमेद सिंह रावत,हेमा देवी, झूमा देवी,सुशीला बगियाल,मंजू रावत, पुष्पा कश्यप,बसंती साजवान,निशा पोखरियाल,अल्पना,लक्ष्मी,सीता देवी ,रजनी,ललिता बगियाल, सुशीला नेगी आदि उपस्थित रहे।