धामी सरकार की विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 80 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार। WWW.JANSWAR.COM

देहरादून में बिजली विभाग का जूनियर इंजीनियर रंगे हाथों पकड़ा, विजिलेंस टीम की सख्त कार्रवाई।

देहरादून:-देहरादून में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) को 80,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार (लोड) बढ़ाने के नाम पर 80,000 रुपये की अवैध धनराशि मांग रहा था।

इस मामले में पीड़ित ने सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस देहरादून की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी JE को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

विजिलेंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

देहरादून में हुई इस कार्रवाई से साफ है कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह गंभीर है।