ज्ञानदीप विद्यालय को मिला आधुनिक शिक्षा व कौशल विकास का संबल।
ब्रह्मखाल (उत्तरकाशी):- उत्तरकाशी जनपद के सुदूर पर्वतीय क्षेत्र ब्रह्मखाल में शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देते हुए श्री सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल की गई। संगठन की ओर से ब्रह्मखाल स्थित ज्ञानदीप विद्यालय को आधुनिक शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से कंप्यूटर, प्रिंटर, प्लंबिंग से संबंधित सामग्री सहित विभिन्न कौशल विकास उपकरण उपलब्ध कराए गए। इस सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान श्री सत्य साईं सेवा संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य बाल विकास के माध्यम से समाज को संस्कारवान, आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा Bal Vikas, निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मानवीय मूल्य शिक्षा (SSEHV), चरित्र निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कैप्टन स्वरूप ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में संसाधनों की कमी के बावजूद यहां के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन और अवसर देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ज्ञानदीप विद्यालय को आवश्यकतानुसार शैक्षणिक, तकनीकी एवं कौशल विकास से संबंधित सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि विद्यार्थी नैतिक मूल्यों के साथ आत्मनिर्भर बन सकें।
विद्यालय प्रबंधक सुरेश रमोला ने श्री सत्य साईं सेवा संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों में न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि उन्हें रोजगारोन्मुख कौशल भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण से छात्रों के लिए उच्च शिक्षा एवं भविष्य में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक संजय डोभाल ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संगठनों की भागीदारी से ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर हरीश रमोला सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही श्री सत्य साईं सेवा संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप, राज्य सेवा संयोजक नीरज कुमार थापा, अमित गुलरिया एवं राज्य मीडिया संयोजक नवीन जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा और समग्र विकास की कामना के साथ किया गया।
