दिव्यांग विशेष शिविर: प्रमाण-पत्र से लेकर सहायक उपकरण तक, सब कुछ एक जगह। WWW.JANSWAR.COM

जनपद के दिव्यांगजनों हेतु विशेष शिविर का आयोजन 18 फरवरी को,दिव्यांग प्रमाण-पत्र, UDID कार्ड, आधार पंजीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर।

जनपद टिहरी:-टिहरी गढ़वाल में निवासरत दिव्यांगजनों एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को समस्त सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 फरवरी, 2026 को जनपद मुख्यालय नई टिहरी में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

शिविर नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज में प्रातः 11:00 बजे से प्रारम्भ होगा। शिविर में उन दिव्यांगजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनके दिव्यांग प्रमाण-पत्र अभी तक किसी कारणवश नहीं बन पाए हैं।

शिविर में उपलब्ध कराई जाने वाली प्रमुख सुविधाएं जैसे समस्त प्रकार के दिव्यांग प्रमाण-पत्रों का निर्माण, पात्र लाभार्थियों के UDID (Unique Disability ID) कार्ड का पंजीकरण एवं निर्माण , दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के आधार कार्ड बनवाने/संशोधन की व्यवस्था, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण, जैसे – व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), बैसाखी, छड़ी आदि का वितरण किया जाएगा।

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं परामर्श जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शिविर के सफल संचालन हेतु जिला समाज कल्याण अधिकारी, टिहरी गढ़वाल को नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया है कि वे स्वयं उपस्थित रहकर शिविर की समुचित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाए।

उन्होंने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लाना सुनिश्चित करें।

यह शिविर शासन की मंशा के अनुरूप “जन-जन तक सरकार” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे पात्र लाभार्थियों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान की जा सकें।