रविवार को सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में एमआईटी ढालवाला की एनएसएस यूनिट एवं नगर पालिका की टीम जानकी झूला में एकत्रित हुई। यहां से रैली की शुरुआत करते हुए सभी प्रतिभागियों ने “मेरी गंगा-मेरी जिम्मेदारी”, “सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करो” और “सफाई अपनाओ- बीमारी भगाओ” जैसे नारों के साथ आस्था पथ पर जागरूकता अभियान चलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सफाई निरीक्षक ने एनएसएस के छात्र-छात्राओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए इसे पूरी तरह त्यागने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एमआईटी एनएसएस के कॉर्डिनेटर डॉ. रितेश जोशी, राजेश चौधरी, योगेश लखेड़ा, नगर पालिका सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण सहित एनएसएस के सभी स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है, और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा बदलाव संभव है।
