यमकेश्वर की समस्याओं पर सांसद अनिल बलूनी को सौंपा मांगपत्र, विकास कार्यों के लिए मांगा विशेष अनुदान।

यमकेश्वर के विकास को गति देने की मांग, ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने सांसद अनिल बलूनी को सौंपा विस्तृत मांगपत्र।

यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल:- यमकेश्वर की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीता चौहान ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण विकास समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर लोकसभा पौड़ी गढ़वाल के सांसद श्री अनिल बलूनी से भेंट की और उन्हें एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा। ब्लॉक प्रमुख ने सांसद बलूनी से यमकेश्वर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।

धार्मिक पर्यटन पर ज़ोर:- मांगपत्र में यमकेश्वर महादेव मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण को प्रमुखता से उठाया गया। श्रीमती चौहान ने कहा कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए तत्काल वित्तीय एवं विकासात्मक सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यमकेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करना क्षेत्र के आर्थिक उत्थान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।

थल नदी मार्ग सुधार की मांग:- स्थानीय जनता की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से मांगपत्र में थल नदी क्षेत्र में मार्ग के सुधार एवं निर्माण के लिए विशेष वित्तीय अनुदान प्रदान करने का अनुरोध किया गया। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति से स्थानीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्ग सुधरने से न केवल आवाजाही में सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिल सकेगी।

केंद्रीय वित्त से विशेष अनुदान की अपील:- श्रीमती चौहान ने विकासखंड यमकेश्वर के विभिन्न अन्य विकास कार्यों को पूरा करने के लिए  केंद्रीय वित्त से विशेष अनुदान प्रदान किए जाने की भी मांग रखी। उन्होंने सांसद को क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया और बताया कि स्थानीय स्तर पर संसाधनों की कमी के चलते कई महत्वपूर्ण कार्य अटके हुए हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने आशा व्यक्त की कि सांसद अनिल बलूनी इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करेंगे और यमकेश्वर के समग्र विकास हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।