नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ: पहले ही दिन मिली पुस्तकें, बच्चों में दिखा खास उत्साह। WWW.JANSWAR.COM

जिलाधिकारी ने बच्चों से किया आत्मीय संवाद, बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु स्कूल के प्लेइंग एरिया में झूला -फिसलपट्टी इत्यादि लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के दिये निर्देश।

सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव के साथ निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन।

पौड़ी:- जनपद पौड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के तहत छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया और उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। इस बार विशेष पहल के तहत सत्र के प्रथम दिन ही विद्यार्थियों को नयी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी, जिससे पढ़ाई का क्रम बिना किसी विलंब के प्रारंभ हो सके।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच, पौड़ी में किया। उन्होंने नन्हें विद्यार्थियों को स्वयं पुस्तकें वितरित करते हुए उनसे आत्मीय संवाद किया और उनके भविष्य को लेकर उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में इस दौरान उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की।

जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध होना शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को शुरुआत से ही पढ़ाई में निरंतरता मिलती है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में पुस्तक वितरण का कार्य शीघ्र और सुचारु रूप से पूर्ण किया जाए।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय के खेल क्षेत्र में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, फिसलपट्टी लगाने हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराएं, ताकि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल सके।

जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक) अंशुल बिष्ट ने बताया कि जनपद के सभी विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के साथ-साथ पुस्तक वितरण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि समय पर पुस्तकों की उपलब्धता से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी होगी।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आरती बहुगुणा, वार्ड सदस्य दिनेश रावत, अरविन्द रावत सहित विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।