ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता चंपत राय जी के बड़े भाई लाजपत जी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की, शोक संतप्त परिवार के प्रति प्रकट की सहानुभूति।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता एवं उपाध्यक्ष तथा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय जी के बड़े भाई श्री लाजपत जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
ज्ञात हो कि स्वर्गीय श्री लाजपत जी पूर्व में चिन्याली सौड़ स्थित मनेरी भाली परियोजना के द्वितीय चरण में सहायक अभियंता के पद पर तैनात रहे थे। इसके अतिरिक्त चिन्यालीसौड़ कॉलोनी सहित डैम प्रोजेक्ट्स का विस्तृत कार्य भी उनके दायित्वों में शामिल रहा। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं समर्पित सेवाभाव से क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई।
डॉ. अग्रवाल ने दिल्ली से ऋषिकेश लौटते समय हरिद्वार में चंपत राय जी से भेंट कर उन्हें इस दुःखद घड़ी में सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लाजपत जी का निधन समाज एवं उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
डॉ. अग्रवाल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे पूरी संवेदना के साथ परिवार के साथ खड़े हैं।
