बापूग्राम में वन विभाग की कार्रवाई पर गरमाई सियासत, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने CM धामी से की मुलाकात।
ऋषिकेश:-ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गैरसैण (भराड़ी सैण) में आयोजित विधानसभा सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही से पूर्व प्रातःकाल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भराड़ी सैण स्थित उनके आवास पर मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में माननीय Supreme Court of India के आदेश के बाद वन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही के विषय में विस्तार से चर्चा करते हुए प्रभावित परिवारों की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि बापूग्राम सहित इन क्षेत्रों में पिछले लगभग 75 से 80 वर्षों से 15 से 20 हजार परिवार निवास कर रहे हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 60 हजार के आसपास है। इन परिवारों की आज तीसरी पीढ़ी इन क्षेत्रों में रह रही है तथा लंबे समय से यहां रहकर उन्होंने अपने जीवन, रोजगार और सामाजिक व्यवस्था को स्थापित किया है। ऐसे में अचानक की जा रही कार्यवाही से हजारों परिवारों के सामने आवास और आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने कहा कि बापूग्राम सहित इन क्षेत्रों में रहने वाले अधिकांश लोग लंबे समय से यहां स्थायी और अस्थायी रूप से निवास कर रहे हैं और उन्होंने अपने संसाधनों से मकान, सामाजिक ढांचे तथा जीवन की आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की हैं। ऐसी स्थिति में इन परिवारों को बेघर करना मानवीय दृष्टि से भी उचित नहीं होगा।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को यह भी स्मरण कराया कि इस विषय को वे पूर्व में भी कई बार सरकार के समक्ष रख चुके हैं और मुख्यमंत्री द्वारा इस समस्या के समाधान हेतु सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने अनुरोध किया कि क्षेत्र के हजारों परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी परिवार को असमंजस और असुरक्षा की स्थिति का सामना न करना पड़े।
इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. अग्रवाल को आश्वस्त करते हुए कहा कि बापूग्राम के अतिरिक्त प्रदेश के तीन अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की समस्या सामने आई है और इन सभी मामलों का समग्र समाधान निकालने के लिए सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विषयों को बहुत जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए उचित एवं व्यावहारिक निर्णय लिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है और प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने इस संवेदनशील विषय पर मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक पहल और आश्वासन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते रहेंगे।
