विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने जांची विकास योजनाओं की प्रगति। WWW.JANSWAR.COM

ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित कर क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की।

ऋषिकेश:- बैठक के दौरान ऋषिकेश नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहु-मंजिला पार्किंग, डिग्री कॉलेज की दीवार तथा दीवारों पर बनाए जाने वाले भित्ति चित्रों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त नेपाली फार्म क्षेत्र में बन रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के निर्माण कार्य की स्थिति पर भी चर्चा की गई और कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में भविष्य में कोतवाली ऋषिकेश, उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश एवं कन्या इंटर कॉलेज ऋषिकेश की दीवारों पर प्रस्तावित भित्ति चित्रों, विधानसभा प्रवेश द्वार पर बनने वाले स्वागत द्वार, शहर में निर्मित डिवाइडरों के रखरखाव, सड़क निर्माण कार्यों तथा एमडीडीए के माध्यम से संचालित अन्य विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि विकास कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार से आमजन का उत्पीड़न न हो तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं और शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, पूनम सकलानी, मनीष डिमरी, अमित भारद्वाज मौजूद रहे।