बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत छात्र-छात्राओं को दी गयी करियर काउंसलिंग।
पौड़ी:-विकासखंड पाबौ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करें तथा अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
डॉ. आकाशदीप ने मेडिकल क्षेत्र के विभिन्न आयामों, प्रवेश प्रक्रियाओं एवं संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं, केंद्र प्रशासक ओएससी लक्ष्मी रावत ने अधिवक्ता एवं न्यायिक सेवाओं से संबंधित करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए एलएलबी सहित आवश्यक शैक्षणिक तैयारियों के बारे में बताया तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के प्रति बच्चों को जागरुक किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती चंद्रकांता काला ने विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए छात्र-छात्राओं से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उपयोगी बताया।
