सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों का लिया जायजा। WWW.JANSWAR.COM

(अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर)

गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन में सैन्य अधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित।

लैंसडाउन:- प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन पहुंच कर आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों के सम्बन्ध में सैन्य अधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने हिमालय दिवस के अवसर पर छावनी क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंगलवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी पौड़ी जिले के लैंसडाउन पहुंचे। यहां उन्होंने सैनिक सम्मान समारोह कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध और भव्यता के साथ पूरी की जाएं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 1734 बलिदानियों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम लाई जा चुकी है, लेकिन लगभग 71 बलिदानी छूट गए थे। उनके आंगन की पवित्र मिट्टी लाने के लिए दूसरे चरण की शहीद सम्मान यात्रा 22 सितम्बर से 04 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इसके उपरांत 05 अक्टूबर को लैंसडाउन में शहीद सैनिक सम्मान समारोह होगा, जिसमें शहीद परिवारों को ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम के लोकार्पण से पहले सभी बलिदानियों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम में सम्मिलित की जाएगी।

इस अवसर पर गढ़वाल राइफल रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेनि) अमृतलाल, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेनि) लैन्सडौन वीपी भट्ट सहित संबंधित सैन्य अधिकारी एवं जिला प्रशासन से संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।