राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने डॉ. राकेश कुमार को “वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स” लंदन का एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया।#विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 32 दिव्यांगजनों को किया सम्मानित।#मुख्यमंत्री के आदेश पर  देहरादून  लक्खीबाग पुलिस चौकी का इंचार्ज सस्पेंड# डीएम ने पौडी बाजार का किया औचक निरीक्षण,रादृदि एवं सशक्तिकरण संस्थान में मनाया गया ,विश्व दिव्यांगता दिवस,-www.janswar.com

-अरुणाभ रतूड़ी

डॉ. राकेश कुमार को “वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स” लंदन का एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया

 देहरादून (03 दिसम्बर, 2022)राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) व मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजभवन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार को “वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स” लंदन का एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया। इस दौरान राज्यपाल ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान डॉ. राकेश कुमार के पिछले कई दशकों में प्रशासनिक अधिकारी के साथ ही बतौर डॉक्टर किए गए कार्यों का परिणाम है।

राज्यपाल ने “वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स” लंदन के पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि विश्व स्तर पर डॉ. कुमार की इस उपलब्धि से सिर्फ़ उत्तराखण्ड ही नहीं अपितु देश भी गौरव की अनुभूति कर रहा है। उन्होंने लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से प्रदेश में आयोग द्वारा जिस प्रकार से परीक्षा आयोजित कराने के तौर तरीक़ों में और भी अधिक पारदर्शिता आई है यह जनहित में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि डॉ. कुमार की पहचान न सिर्फ़ एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में है अपितु उनके द्वारा चिकित्सक के तौर पर भी देश में स्वाथ्य के क्षेत्र में दिए गए योगदान से भी है। राज्यपाल ने कहा है कि विश्व पटल पर हासिल यह उपलब्धि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ ही विश्व गुरु बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि डॉ. राकेश कुमार की इस उपलब्धि एवं कार्यप्रणाली से नए अधिकारियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने डॉ. राकेश कुमार की अध्यक्षता में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के 7 हज़ार पदों की भर्ती की जिम्मेदारी लोक सेवा आयोग को दी गई थी। आयोग द्वारा बेहद कम समय में सभी 7 हज़ार पदों पर आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी का भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। इस दौरान आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान वे देवभूमि उत्तराखण्ड को समर्पित कर रहे हैं।

इस अवसर पर पद्मभूषण चण्डी प्रसाद भट्ट, स्वामी चिदानंद मुनि, श्री संतोष शुक्ला, पूर्व मुख्य सचिव श्री एन रविशंकर, पूर्व डीजीपी श्री अनिल रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, श्री आनंद बर्द्धन, सचिव, श्री राज्यपाल डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
……….0……….

विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 32 दिव्यांगजनों को किया सम्मानित।

दिव्यांगजनों को राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार की धनराशि 05 हजार से बढ़ाकर 08 हजार दी जायेगी।

कृत्रिम अंग अनुदान की धनराशि 3500 रूपये से बढ़ाकर 7000 रूपये की जायेगी।

वृद्धावस्था पेंशन योजना की तरह ही दिव्यांग पेंशन योजना को सरलीकृत किया जायेगा।

दिव्यांगजनों को परीक्षाओं में न्यूनतम उत्तीर्ण अंक में 05 प्रतिशत की छूट दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर की चार घोषणाएं।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर सुभाष रोड स्थित लॉर्ड वेंकटेश्वर हॉल में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार समारोह में दिव्यांगजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 32 दिव्यांगजनों को प्रशस्ति पत्र, मेडल, मान पत्र एवं 5-5 हजार की धनराशि देकर सम्मानित किया। जिसमें 10 उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारी, 11 दक्ष दिव्यांग खिलाड़ी, 10 स्वतः रोजगार में रत दिव्यांगजन एवं 01 सेवायोजक अधिकारी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के बीच जाकर उनका हौंसला बढ़ाया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए चार घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि दक्ष दिव्यांग कर्मचारियां, उनके सेवायोजकों, स्वतः रोजगार से रत दिव्यांग व्यक्तियों एवं दिव्यांग व्यक्तियों के सेवायोजक अधिकारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार के रूप में दी जाने वाली धनराशि 05 हजार रूपये से बढ़ाकर 08 हजार रूपये की जायेगी। दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक यंत्र/उपकरण हेतु कृत्रिम अंग अनुदान की धनराशि 3500 रूपये से बढ़ाकर 7000 रूपये की जायेगी। वृद्धावस्था पेंशन योजना की तरह ही दिव्यांग पेंशन योजना को सरलीकृत करते हुए ऐसे समस्त दिव्यांग भी पेंशन हेतु पात्र होंगे, जिनके पुत्र/पौत्र 20 वर्ष से अधिक आयु के हों। दिव्यांगजनों को परीक्षाओं में न्यूनतम उत्तीर्ण अंक में 05 प्रतिशत की छूट दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य दक्षता पुरस्कार 2022 से सम्मानित होने वाले सभी दक्ष कार्मिकों, सेवायोजकों को शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार सेवा और सहयोग के भाव के साथ दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं।  प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में दिव्यांग जनों को सामाजिक और आर्थिक दोनों क्षेत्रों में समानता का अधिकार दिलाने के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। हमारे दिव्यांगजन अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं संकल्प के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सराहनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी सकारात्मक सोच एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढे़, तो सब कुछ करना संभव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ वर्ष 2022-23 में 155 करोड़ रूपये का प्राविधान किया है। आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग भाई-बहनों को 1500 रूपये की मासिक पेंशन दी जा रही है। दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को प्रतिमाह 700 रूपये का अनुदान भरण पोषण हेतु दिया जा रहा है। सरकारी नौकरियों में भी दिव्यांगजनों के लिए क्षैतिज आरक्षण 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत किया गया है। प्रत्येक जनपद में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। दिव्यांग से विवाह करने पर प्रोत्साहन के रूप में 25000 रूपये की धनराशि भी दी जा रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि हमारे दिव्यांगजन सदैव इसी उत्साह और उमंग के साथ राज्य की प्रगति और विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, मेयर श्री सुनील उनियाल गामा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रमुख सचिव समाज कल्याण श्री एन. फैनई, निदेशक समाज कल्याण श्री बी.एल. फिरमाल, आयुक्त दिव्यांगजन श्री कर्मेन्द्र सिंह, निदेशक जनजाति कल्याण श्री संजय टोलिया एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

*******

मुख्यमंत्री के आदेश पर  देहरादून  लक्खीबाग पुलिस चौकी का इंचार्ज सस्पेंड

विपिन रावत प्रकरण में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून के एसएसपी ने लापरवाही बरतने वाले चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है।
25 अक्टूबर को कोतवाली नगर देहरादून पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 557/2022 धारा 307/323/504,506 भादवि की विवेचना में उ0नि0 प्रवीण सैनी चौकी प्रभारी लक्खीबाग द्वारा लापरवाही करने व अभियुक्तगणों की गिरफ्तारी न करने के गंभीर आरोप लगे थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसएसपी देहरादून को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी को निलंबित किया गया है।

*********

डीएम ने किया पौड़ी का औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने शुक्रवार देर सांय को पौड़ी शहर में औचक निरीक्षण कर विभिन्न दुकानों से सिंगल यूज प्लास्टिक, नॉन वोवन थैले जब्त किए। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि प्लास्टिक के थैलों का उपयोग व ग्राहकों को उसमें सामान न दे। कहा कि कोई भी दुकानदार निर्देशों का अनुपालन नहीं करता है तथा प्लास्टिक का उपयोग करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
जिलाधिकारी ने धारा रोड स्थित विभिन्न दुकानों का निरीक्षण करते हुए प्लास्टिक के थैलों को जब्त किए। उन्होंने दुकानदारों को कहा कि कोई भी दुकानदार इस तरह के थैलों का उपयोग करते हुए पकड़ा जाता है तो उसका चालन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाएं तथा लोगों को प्लास्टिक का उपयोग न करने हेतु जागरूक भी करें। जिससे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने पर रोक लग सकेगी।  उन्होंने कहा कि प्लास्टिक सबसे ज्यादा हानिकारक होता है तथा प्लास्टिक से कई बीमारियां फैलती हैं। कहा कि देश को प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु जागरूक कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं, जिससे अन्य लोगों को भी उसके प्रति ध्यान देना चाहिए व लोगों को भी प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर आकाश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

********

-नागेन्द्र प्रसाद रतूड़ी

राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन एवं सशक्तिकरण संस्थान में धूमधाम से मनाया गया “विश्व दिव्यांगता दिवस”

3 दिसम्बर को विश्व दिव्यांगता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, 116, राजपुर रोड, देहरादून में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के सभी विभागों के विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया|

सभी दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुतियां सराहनीय रहीं और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए| इस अवसर पर दृष्टि दिव्यांगजन का बैण्ड “हेलो दून” जो कि दृष्टि दिव्यांग छात्रो द्वारा निर्मित बैंड है, उसमे छात्रों की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया| 91.2 NIVH Hello Doon (FM रेडियो) के संयुक्त तत्वाधान में यह देहरादून का पहला और अनूठा बैंड है जिसके सभी सदस्य दृष्टि दिव्यांग हैं| कार्यक्रमों का सफल आयोजन संस्थान के निदेशक महोदय डॉ. हिमांग्शु दास के नेतृत्व व मार्गदर्शन से किया गया| इस मौके पर उन्होंने बताया की दिव्यांगजनों को सही मार्गदर्शन और उचित अवसर दिए जाने पर वो भी एक सशक्त समाज के निर्माण में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं| इस अवसर पर कार्यक्रमों का संचालन दृष्टि दिव्यांग छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया|  इस कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री राकेश मल्ल, श्रीमती लक्ष्मी पोखरियाल, श्री अमित शर्मा, श्रीमती चेतना गोला, श्री एशोप नोबी, श्री मुकुल सजवाण आदि का योगदान रहा| इस कार्यक्रम में संस्थान के सभी पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे|