राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को रामनवमी की शुभकामनाएं व बधाई दी।# मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्याएं#

-अरुणाभ रतूड़ी

 


राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शनिवार को राजभवन में यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे उत्तराखंड के 9 छात्रों ने मुलाकात की। राज्यपाल ने सभी छात्रों से उनके यूक्रेन से वापसी के दौरान अनुभवों की जानकारी ली। छात्रों ने राज्यपाल से अपने अध्ययन की निरंतरता से संबंधित समस्या पर चर्चा की। राज्यपाल ने छात्रों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है। छात्रों ने बताया कि उत्तराखंड के 270 एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं हैं, जिनकी शिक्षा यूक्रेन में युद्ध से प्रभावित हुई है। राज्यपाल ने कहा कि वे विभिन्न चिकित्सा विश्वविद्यालयो तथा शिक्षण संस्थानों से इस संबंध में चर्चा करेंगे तथा विद्यार्थियों की समस्या का समाधान करने का प्रयास करेंगे।
राज्यपाल से मुलाकात करने वाले विद्यार्थियों में नितिन उपाध्याय, भूपेंद्र पाठक, अभिनव चौहान, प्रियंका, अमन अरोड़ा, भूमिका डंगवाल आदि सम्मिलित थे।

******

उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राज्य के समस्त नागरिकों को ‘रामनवमी’ पर शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा है-
‘‘रामनवमी का शुभ अवसर हमें परोपकार, त्याग, प्यार, करूणा जैसे उच्चतम नैतिक व सामाजिक मूल्यों के प्रतीक मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान राम द्वारा दिखाये गए रास्तों पर चलकर एक आदर्श समाज की स्थापना के  लिए सहभागी बनने को प्रेरित करता है।’’

******
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी है। रामनवमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम हमारी आस्था के प्रतीक है, उनका आदर्श चरित्र हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हमें मर्यादा पुरूषोतम भगवान श्री राम के व्यक्तित्व को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिये।
मुख्यमंत्री ने आदि शक्ति भगवती के उपासना पर्व नवरात्रि की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है।

*******

  • मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्यायें।
  • सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में लोगों से मिलकर जानी उनकी समस्याएं
  • समस्याओं के निराकरण के दिये निर्देश।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन कक्ष में बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों से भेंट की, तथा अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने आगंतुकों को हर सम्भव सहायता के प्रति आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु राज्य सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि अधिकारियो को निर्देशित किया गया है कि ब्लाॅक स्तर की समस्याओं का निराकरण ब्लाॅक स्तर पर और जिला स्तर की समस्याओं का निराकरण जिला स्तर पर हो जाना चाहिए। लोगों को अपनी अपनी समस्याओं के हल के लिए परेशान न होना पङे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से जो भी वायदे किये हैं तथा राज्य के विकास के लिये जो भी संकल्प लिये है, उन्हें समयबद्धता के साथ पूरा किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक आगंतुक से भेंट की और उनकी शिकायतो व समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी को उनकी समस्याओं का यथासम्भव जल्द से जल्द निस्तारण के प्रति आश्वस्त किया तथा इस सम्बन्ध में अधिकारियों को भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं और शिकायतों का रिकार्ड रखने और उन पर की जा रही कार्रवाई का फालोअप भी करने के निर्देश दिये।

******