राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शिनी का अवलोकन किया।#मुख्यमंत्री ने  सभी विभागों से राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए#हत्या की साजिश रचने के फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार के ईनाम की घोषणा।#राज राजेश्वरी मंदिर में शतचंडी महायज्ञ आयोजित

राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शिनी का अवलोकन किया।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को राजभवन परिसर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में नैनीताल जिले के ब्लॉक भीमताल, रामनगर, रामगढ़, हल्द्वानी की महिलाओं ने अपने-अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।

महिला समूह द्वारा बनाए गए इन उत्पादों का अवलोकन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति बेहद प्रतिभावान होने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं। उन्होंने कहा की महिला स्वयं समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को लोकल से ग्लोबल तक ले जाने की जरूरत है। इसके लिए उत्पादों में वैल्यू एडिशन के साथ-साथ उत्पादों की पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर फोकस करना होगा। कुछ महिलाओं द्वारा अपने उत्पादों को विदेशों में बिक्री किए जाने पर राज्यपाल ने उनकी सराहना की और कहा कि ऐसे समूह अन्य के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

राज्यपाल ने कहा स्वयं सहायता समूहों को अपनी आय बढ़ाने के प्रयासों के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी अपने समूहों से जोड़ें। राज्यपाल ने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों वुडन कलाकृतियां, ऐंपण, हैन्डीक्राफ्ट, एलईडी लाइट्स, मसाले, बेकरी उत्पाद, अचार, जैम आदि की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये सभी उत्पाद नैनीताल में आने वाले प्रत्येक पर्यटक खरीदे इस ओर अधिकारियों को कार्य करने की जरूरत है।

राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि स्वयं सहायता समूहों को विभागीय योजनाओं के माध्यम से हरसंभव मदद दी जाए। समूहों को उत्पादों के विपणन के लिए अधिक से अधिक आउटलेट उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के उत्पादों की ब्रांडिंग के लिए ऑनलाइन मार्केटिंग प्रशिक्षण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने जनपद में स्थापित स्वयं सहायता समूहों व ग्राम्य विकास के अन्य योजनाओं की जानकारी राज्यपाल को दी। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती गुरमीत कौर, ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारीगण तथा विभिन्न क्षेत्रों से आयी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थी।

********

मुख्यमंत्री ने  सभी विभागों से राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए

विभागों को राजस्व प्राप्तियों के लिए प्रत्येक माह का जो लक्ष्य मिला है, सभी विभाग उस लक्ष्य को हासिल करें, तभी राजस्व प्राप्ति का वार्षिक लक्ष्य हासिल कर पायेंगे। राजस्व लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभागों को ऑनलाईन सिस्टम पर और अधिक कार्य करने की जरूरत है। जीएसटी से राजस्व प्राप्तियां और बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए लोगों को बिल लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए और व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। ये निर्देश मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राजस्व प्राप्ति के सम्बंध में बैठक लेते हुए अधिकारियों को दिये।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किये जाएं। विभागों को इसके लिए आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजस्व वृद्धि के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिन क्षेत्रों में अपेक्षा के अनुरूप राजस्व की प्राप्ति नहीं हो पा रही है, इसके कारणों का गहनता से अध्ययन कर उसका उचित समाधान निकाला जाए। पूंजीगत व्यय पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभागों को विभिन्न क्षेत्रों में जो पिछले सालों की रिकवरी करनी है, इस दिशा में ध्यान दिया जाए। खनन के क्षेत्र में राजस्व वसूली के लिए मजबूत ऑनलाईन सिस्टम बनाया जाए। वन क्षेत्रान्तर्गत के बरसाती नालों को चिन्हित कर चैनेलाइज करने की दिशा में ध्यान दिया जाए। वन सम्पदाओं के बेहतर उपयोग की दिशा में वन विभाग को और सुनियोजित तरीके से कार्य करने की जरूरत है। वन सम्पदा के बेहतर उपयोग के लिए क्या नवाचार हो सकते हैं, इस दिशा में कार्य किये जाएं। वन पंचायतों के माध्यम से मेडिसिनल प्लांट के क्षेत्र में कार्य किये जाएं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में यूपीसीएल एवं यूजेवीएनल को राजस्व बढ़ाने की जरूरत है। बिजली चोरी को पूर्णतया रोकने के लिए कारगर प्रयासों की जरूरत हैं। इसके लिए सूचना आधारित प्रणाली और विकसित करने पर ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति की समीक्षा हर माह की जायेगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम चंद अग्रवाल, अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक श्री अनूप मलिक, सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, श्री दिलीप जावलकर, श्री अरविन्द सिंह ह्यांकी, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री एच.सी. सेमवाल, श्री विनोद रतूड़ी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

*********

त्या की साजिश रचने के फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार के ईनाम की घोषणा।

रामनगर। जानलेवा हमले का षड्यंत्र रचने वाले साढ़े तीन साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनामी राशि पच्चीस हजार रुपए से बढ़ाकर पचास हजार रुपए कर दी है। आरोपी की इससे पूर्व दो घरों की कुर्की भी हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार रहने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार यह लोमहर्षक घटनाक्रम साल 2019 को 2 अक्तूबर गांधी जयंती के दिन दोपहर को तब हुआ था था जब लछमपुर नया आबाद बैलपोखरा निवासी चंद्रशेखर टम्टा पुत्र केशराम को दो अज्ञात हमलावरों ने उनके छोई स्थित फार्म बलवीर गार्डन में घुसकर उन पर जान से मारने के इरादे से अंधाधुंध गोलियां चला दी थी। इस जानलेवा हमले में चंद्रशेखर को दो गोलियां लगी थी। जिसमें से एक गोली चंद्रशेखर के गले में लगी थी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए थे। चंद्रशेखर को हल्द्वानी इलाज के लिए ले जाया गया था। दूसरी ओर इस मामले में चंद्रशेखर के पुत्र हेमंत शेखर ने इस प्रकरण का कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज निकालने पर उनके प्रोफेशनल शूटर होने की पुष्टि हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस सीसीटीवी की फुटेज में दिख रहे हमलावरों को पकड़ने में कामयाब हुई थी।
गिरफ्तार शूटरों का कहना था कि उन्होंने चंद्रशेखर के भूमि पार्टनर नई दिल्ली निवासी महेश आगरी के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया था। जिस पर पुलिस ने मुकदमे में महेश आगरी को षड्यंत्रकारी मानते हुए उसे नामजद किया था। पुलिस ने महेश की गिरफ्तारी के प्रयास किए तो वह अपने दिल्ली स्थित घर से फरार हो गया। जिस पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश से महेश के दो घरों की कुर्की के बाद भी उसके फरार रहने पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पच्चीस हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। लेकिन इसके बाद भी वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था। जिसके बाद कुमाउं पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे की ओर से फरार महेश की गिरफ्तारी के लिए इनामी राशि को पच्चीस हजार रुपए से बढ़ाकर पचास हजार रुपए कर दी गई।

*********

राज राजेश्वरी मंदिर में शतचंडी महायज्ञ आयोजित

नरेन्द्र नगर(डी.पी.उनियाल) नरेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र में त्रिपुर बाला सुंदरी राजराजेश्वरी मंदिर नैचोली में शतचंडी महायज्ञ आयोजित किया गया है । पौराणिक शक्ति पीठ राजराजेश्वरी मां के श्रीयंत्र व निशान को गंगा स्नान कराने हरिद्वार ले जाया गया जहां पर सैकड़ों भक्तों ने मां के जयकारे लगाते हुए गंगा स्नान कराया, 20मई से 29मई तक आयोजित इस शतचंडी महायज्ञ में मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य दिनेश प्रसाद उनियाल के अलावा पंडित नीरज उनियाल, योगेश उनियाल, अनुज पंत पूजा अर्चना कर रहे हैं, नैचोली एवं निकटवर्ती गांवों तथा दूरदराज क्षेत्रों से माता के भक्त इस शतचंडी महायज्ञ में पूजा करने आ रहे हैं, मंदिर के मुख्य पुजारी दिनेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि शतचंडी महायज्ञ आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की खुशहाली, सुख, समृद्धि और शांति सौहार्द पूर्ण वातावरण की कामना करना है। महायज्ञ का समापन आगामी 29 मई 2023 को हवनयज्ञ की पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ किया जायेगा। गंगा स्नान एवं पूजा अर्चना में जगदम्बा प्रसाद उनियाल, कीर्ति मणी उनियाल, रामकृष्ण नौटियाल, विनोद बहुगुणा, लुद्र सिंह राणा, गम्भीर सिंह चौहान, सोहन सिंह चौहान, नरेश उनियाल, सुंदर लाल, श्रीमती सरोजनी देवी, कुशला देवी, शकुन्तला देवी , पूर्णानंद नौटियाल सहित सैकड़ों भक्त मौजूद रहे , ढोल नगाड़े की थाप पर देवता भी अवतरित हुए,रोशन दास और मुकेश दास ने ढोल दमाऊ की थाप पर मां राजराजेश्वरी त्रिपुर बाला सुंदरी की स्तुति की ।