राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी रक्षा बंधन और संस्कृत दिवस की बधाई। मुख्यमंत्री ने मलारी में हर घर तिरंगा कार्यक्रम व बड़ागाँव सीता माता (सितूण)अखण्ड महायज्ञ में किया प्रतिभाग।-www.Janswar.com

-अरुणाभ रतूड़ी

राज्यपाल ने दी प्रदेश वासियों को रक्षाबंधन की बधाई।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व भाई-बहन के स्नेह, सम्मान व सुरक्षा और प्रेम को अभिव्यक्त करने का पवित्र पर्व है। रक्षाबंधन हमारी सामाजिक समरसता और भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति को गरिमा देने वाला एक प्राचीन पर्व भी है।

राज्यपाल ने कहा है कि प्रेम, स्नेह और विश्वास का यह पर्व सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को भी बढ़ाता है। उन्होंने कामना की है कि यह पर्व समस्त प्रदेशवासियों के लिए शुभ एवं मंगलमय हो।
……..0……..

राज्यपाल ने दी प्रदेश वासियों को संस्कृत दिवस की बधाई।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सभी प्रदेशवासियों को संस्कृत दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा हमारी सभ्यता और संस्कृति का आधार है। देवभूमि उत्तराखंड में संस्कृत भाषा का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है।
राज्यपाल ने कहा है कि यहां के संस्कृत विद्वानों ने देश और विश्व में संस्कृत भाषा के प्रसार एवं प्रचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने लोगों से संस्कृत भाषा को अपने जीवन में अधिक से अधिक उपयोग में लाने की अपील की है।
……..0……..

 

मुख्यमंत्री ने सीमांत मलारी गाँव में ग्रामीणों व सीमा रक्षक जवानों के साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम में  किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सीमांत गांव मलारी में भारतीय सेना, आईटीबीपी (हिमवीर),  सीमांत सड़क संगठन (शिवालिक) के  जवानों और द्वितीय रक्षा पंक्ति के रूप में सीमांत गांव के निवासियों  के साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और सभी का हौसला बढ़ाते हुए आजादी के अमृत महोत्सव की बधाई दी। हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर सेना के जवानों और सीमांत गांवों  के निवासियों में जबरदस्त उत्साह और उमंग दिखा। सीमांत गांव मलारी में आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रम में सेना के जवानों के साथ ही  सीमांत गांव  कैलाश पुर, महरगांव, कोषा, द्रोणागिरी, नीति, बांम्पा, गमशाली, फरकिया, झेलम, जुम्मा, कागा, गरपक, मलारी के लोगों ने हर्षोल्लास  से  प्रतिभाग लिया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव जन-जन का अभियान बन चुका है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि इसके साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली और गौरवशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान और अभिमान है। आज देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों का स्मरण पूरा देश कर रहा है। पूरे देश में हर घर तिरंगा कार्यक्रम चल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 25 साल देश का अमृत काल होगा। उत्तराखंड राज्य आज विकास की ओर अग्रसर है और आने वाले 2025 तक उत्तराखंड को एक आदर्श राज्य बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के हिसाब से विकास योजनाएं तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर प्रहरी के रूप में काम करने वाले क्षेत्रवासी और सीमा पर डटे जांबाजों की वजह  से ही हम सब सुरक्षित है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए सभी को आजादी के अमृत महोत्सव एवं पवित्र रक्षाबंधन त्योहार की बधाई दी। क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने मलारी में इद्रामणि मंदिर का जीर्णोद्वार, शिवालय मंदिर मार्ग और कागा से गरपक तक मोटर मार्ग सुधारीकरण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान सीमांत गांव की महिलाओं ने मा.मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु की कामना की। सीमांत क्षेत्र मलारी में पहली बार मुख्यमंत्री के आगमन पर क्षेत्रवासियों ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए पारम्परिक पौणा नृत्य के साथ स्वागत किया।
********

मुख्यमंत्री ने चमोली के ग्राम बड़ागाँव सीता माता (सितूण)अखण्ड महायज्ञ में किया प्रतिभाग।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जोशीमठ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बड़ागांव में सीता-माता (सितूण) अखण्ड महायज्ञ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बडागांव में 42 साल बाद सीता माता का महायज्ञ हो रहा है, हम सौभाग्यशाली हैं कि इसके साक्षी बन रह हैं। उन्होंने कहा कि सब पर भगवान श्री राम एवं माता सीता का आशीर्वाद एवं कृपा बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बडागांव में माता सीता मंदिर के निर्माण के लिए धनराशि दी जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नई कार्य संस्कृति आई है। कोविड पर भारत ने प्रभावी नियंत्रण किया। दो स्वदेशी वैक्सीन बनाई और 20 करोड़ से अधिक कोविड डोज अन्य देशों को भी भारत ने दी। जल जीवन मिशन के तहत राज्य में 07 लाख से अधिक परिवारों को पेयजल के कनेक्शन दिये जा चुके हैं। राज्य में गरीबों को साल में 03 सिलेण्डर मुफ्त देने का जो संकल्प लिया गया। इसके लिए इस बार के बजट में व्यवस्था की गई है और इसका शासनादेश भी हो चुका है। बुजुर्गों एवं विधवाओं को दी जाने वाली पेंशन में भी वृद्धि की गई है। किसी परिवार में पति-पत्नी दोनों बुजुर्ग हैं, तो दोनों को पेंशन देने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बद्रीनाथ के मास्टर प्लान के लिए 280 करोड़ रूपये की धनराशि जारी की गई है। चारधाम सर्किट में अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। नगरीय क्षेत्र में पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। देवभूमि उत्तराखण्ड को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए 1064 एप लांच किया गया है। अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। प्रदेश में 207 प्रकार की जांचे निःशुल्क की जा रही हैं।