राज्यपाल ने एरीज नैनीताल में चार मीटर आईएलएमटी का वर्चुअली उद्घाटन किया#राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी नव संवत्सर की बधाई व शुभकामनाएं #जन समस्याओं का शीघ्रता से हो समाधान:सीएम धामी। #मुख्यसचिव ने ऋषिकेश शहर के मास्टर प्लान के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली#24 मार्च को यमकेश्वर के गंगाभोगपुर गांव में लगेगा बहुउद्देशीय व स्वास्थ्य शिविर-www.janswar.com

 

-अरुणाभ रतूड़ी

राज्यपाल ने एरीज नैनीताल में चार मीटर आईएलएमटी का वर्चुअली उद्घाटन किया

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को राजभवन देहरादून से आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान(एरीज) नैनीताल में स्थापित चार मीटर आईएलएमटी(इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप) का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।

उद्घाटन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि आईएलएमटी के रूप में एक और शक्तिशाली टेलीस्कोप की स्थापना न केवल भारत और इसके सहयोगी देशों के लिए बल्कि पूरे विश्व लिए गौरव की बात है। यह भारतीय वैज्ञानिकों की अनुसंधान के क्षेत्र में गहन प्रतिभा और विश्व समुदाय के साथ सहभागिता का यह उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिक दुनिया के वैज्ञानिकों के साथ शोध एवं अनुसंधान के हर क्षेत्र में एक बड़ी भूमिका निभा रहे हैं जो हम सभी के लिए गर्व की बात है।

राज्यपाल ने कहा कि यह महान उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों की गहरी सोच और वैज्ञानिक प्रगति के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। अंतरिक्ष विज्ञान की अनंत सीमाओं को जानने और समझने की दिशा में यह एक दूरगामी कदम है। यह टेलीस्कोप भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान की प्रगति के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इस टेलीस्कोप की स्थापना से जहां ब्रह्मांड के रहस्यों को खोजने में मदद मिलेगी वहीं प्रदेश में एस्ट्रो-टूरिज्म के क्षेत्र में भी मदद मिलेगी। इसके साथ-साथ ही अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान के लिए संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

राज्यपाल ने कहा कि आईएलएमटी हमारे अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में गहरी जिज्ञासा रखने वाले वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के लिए एक नया वरदान साबित होगी और ब्रह्मांड के बारे में हमारे शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में सहायक होगी। उन्होंने इस परियोजना से जुड़े देशों बेल्जियम, कनाडा, पोलैंड और उज्बेकिस्तान के वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को इस नई उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विज्ञान के क्षेत्र में हमारे उल्लेखनीय अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को भी प्रदर्शित करने वाला एक मिशन है। इस अवसर पर एरीज के निदेशक डॉ0 दीपांकर बनर्जी सहित विभिन्न देशों के वैज्ञानिक एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

********

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने समस्त प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है साथ ही उन्होंने सभी को हिन्दू नववर्ष की भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा की इस वर्ष हम चैत्र नवरात्रि को नारी शक्ति उत्सव के रूप में मना रहे हैं। आने वाले नौ दिन हम सभी माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा एवं आराधना करेंगे। उन्होंने कहा की यह पर्व हमारे लिए तभी पूर्णतः सार्थक होगा, जब हम समाज के हर क्षेत्र में बेटियों को बेटों के समान स्नेह, सम्मान और अवसर प्रदान करेंगे। राज्यपाल ने माँ दुर्गा से सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।

********

मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को नव संवत्सर तथा चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को नव संवत्सर के साथ ही चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दी है। चैत्र नवरात्रि को शक्ति की उपासना का पर्व बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें नवीन उत्साह के साथ देश व समाज की सेवा की भी प्रेरणा देता है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन परम्परा में किसी भी शुभ कार्य के प्रारम्भ में संकल्प लेने का विधान रहता है। शक्ति के अनुष्ठान का यह पर्व रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यों के प्रति प्रेरणा प्रदान करने वाला हो इसका हमें संकल्प लेना होगा। यह नवसंवत्सर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि प्रदान करने वाला हो इसकी भी उन्होंने कामना की है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। नवरात्र का यह पर्व समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को दर्शाता है। इस अवसर पर किया जाने वाला कन्या पूजन नारी शक्ति के महत्व का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र नवरात्र को इस बार प्रदेश में नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक जिले में देवी उपासना के कार्यक्रम आयोजित होंगे। हमारे वेदों और पुराणों में चैत्र नवरात्रि को विशेष महत्व दिया गया है। इसे आत्मशुद्धि तथा सद् प्रवृत्ति का आधार माना गया है। चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा का पूजन करने से नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है तथा एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। अतः चैत्र नवरात्रों की उत्तराखण्ड राज्य में व्यापक धार्मिक महत्ता के दृष्टिगत इस दौरान प्रदेश में सभी प्रमुख देवी मंदिरों एवं शक्तिपीठों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी से नारियों के सम्मान की भी अपील की

********

जन समस्याओं का शीघ्रता से हो समाधान:सीएम धामी

  • योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर दिया जाए ध्यान- मुख्यमंत्री
  • विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों की होगी तीन माह में समीक्षा।

विधायकगणों द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र की जो समस्याएं रखी जा रही हैं, उनका अधिकारी शीघ्रता से समाधान करें। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि सामान्य प्रक्रिया के तहत चलने वाले कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो, उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में क्षेत्रों की छोटी समस्याएं न आयें, इनका निदान जिलाधिकारी जनपद स्तर पर यथाशीघ्र करें। विधायकगणों द्वारा अपनी विधानसभा क्षेत्रों के जो कार्य प्राथमिकता पर रखे गये हैं, उनमें अनावश्यक विलंब न हो। यह निर्देश मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में टिहरी लोकसभा क्षेत्र की विधानसभाओं के गतिमान कार्यों एवं विकासपरक योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिये।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा विधानसभाओं की समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की जो भी समस्याएं आ रही हैं, उनके समाधान के लिए विभिन्न विभागों द्वारा क्या आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, इसकी भी नियमित समीक्षा की जाए। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभागीय सचिव विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए अपने विभागों की नियमित समीक्षा करें। जनपदों के प्रभावी सचिव भी नियमित रूप से जनपदों में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि विधानसभाओं के विकास कार्यों की समीक्षाएं प्रत्येक तीन माह में की जायेंगी। अभी जो बैठक हो रही है, इनमें विधायकगणों द्वारा अपनी विधानसभा क्षेत्रों की जो समस्याएं रखी गई है, उनके समाधान के लिए किये गये प्रयासों की भी अगली बैठक में समीक्षा की जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में बागवानी, कृषि, पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए और तेजी से कार्य किये जाएं। स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध होने से पलायन भी रूकेगा। एप्पल एवं कीवी मिशन के तहत भी तेजी से कार्य किये जाएं। किसानों को बागवानी और खेती के लिए उन्नत किस्म के बीज और पौध की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। राज्य की आर्थिकी को तेजी से बढ़ावा देने के लिए और प्रयासों की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये की आगामी ग्रीष्म काल के दृष्टिगत पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में विधाकगणों द्वारा सड़कों के निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने, बाढ़ सुरक्षा के कार्य, पेयजल की समस्या, कूड़ा निस्तारण की समस्या, ड्रेनेज एवं सीवरेज की समस्या से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकगणों द्वारा जो भी जन समस्याएं रखी गई हैं, उनका हर संभव समाधान किया जायेगा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, सांसद टिहरी श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक श्री किशोर उपाध्याय, श्री प्रीतम सिंह पंवार, श्री शक्तिलाल शाह, श्री मुन्ना सिंह चौहान, श्री सहदेव सिंह पुण्डीर, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्री खजान दास, श्रीमती सविता कपूर, श्री दुर्गेश्वर लाल, श्री सुरेश सिंह चौहान, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, सचिव श्री आर.मीनाक्षी सुंदरम, श्री बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, डॉ. रंजीत सिन्हा, श्री एच.सी. सेमवाल, डॉ. आर. राजेश कुमार, श्री एस.एन.पाण्डेय, महानिदेशक शिक्षा श्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव श्री जगदीश चन्द्र काण्डपाल, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं वर्चुअल माध्यम से संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

*******

मुख्यसचिव ने ऋषिकेश शहर के मास्टर प्लान के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने मंगलवार को सचिवालय में ऋषिकेश शहर के मास्टर प्लान के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली। मुख्य सचिव ने कहा कि ऋषिकेश शहर का यातायात चारधाम यात्रा के दौरान अत्यधिक प्रभावित रहता है। उन्होंने ऋषिकेश मास्टर प्लान हेतु सभी सम्बन्धित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि ऋषिकेश मास्टर प्लान में 3 जनपद और लगे हुए स्थानीय निकाय भी शामिल हैं। इसके लिए सभी जनपदों के साथ आपसी समन्वय से इस दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। उन्होंने मास्टर प्लान में ऋषिकेश शहर की यातायात व्यवस्था को केंद्र में रख कर प्लान तैयार किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि ऋषिकेश बाईपास रोड भी प्रस्तावित है, जो इस समस्या को काफी हद तक कम कर देगी। उन्होंने अधिकारियों को नेशनल हाईवे से संपर्क कर मास्टर प्लान में ऋषिकेश बाईपास रोड को भी शामिल किए जाने के निर्देश दिए। मास्टर प्लान तैयार करते हुए 3 या 5 साल का रोलिंग प्लान का भी प्रावधान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को इस मास्टर प्लान की जानकारी हो, और उनके सुझाव लिए जाएं, साथ ही, उनके द्वारा लगाई जाने वाली आपत्तियों को दूर किए जाने के प्रयास किए जाएं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, सचिव आवास श्री एस.एन. पाण्डेय, सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी और उपाध्यक्ष एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी सहित सम्बन्धित विभागों के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

पौड़ी/20 मार्च, 2023ः आगामी 23 मार्च को सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘जन सेवा’ थीम पर जनपद के समस्त विकासखंड़ों में 24 मार्च से 30 मार्च, 2023 तक बहुउद्देशीय शिविर/स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ0 आशीष चौहान ने कार्यक्रमों के आयोजन हेतु संबंधित उपजिलाधिकारियों को अध्यक्ष तथा खंडविकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी व ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को सदस्य नामित किया है।

**********

पौड़ी समाचार

24 मार्च को यमकेश्वर के गंगाभोगपुर गांव में लगेगा बहुउद्देशीय व स्वास्थ्य शिविर

जन सेवा थीम पर 24 मार्च, 2023 को विकासखंड खिर्सू के श्रीनगर रामलीला मैदान, यमकेश्वर के गंगाभोगपुर मल्ला में बहुउद्देशीय व स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 25 मार्च को विकासखंड पाबौ के खुण्डेश्वर मैदान, 26 मार्च को विकासखंड थलीसैंण के विकासखंड मुख्यालय में शिविर लगाया जायेगा। 27 मार्च को विकासखंड द्वारीखाल, एकेश्वर, कल्जीखाल, जयहरीखाल में विकासखंड मुख्यालयों में तथा विकासखंड पोखड़ा में आई0टी0आई0 कॉलेज पोखड़ा में बहुउद्देशीय व स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जायेगा। 28 मार्च को विकासखंड दुगड्डा, पौड़ी, रिखणीखाल के विकासखंड मुख्यालयों व कोटद्वार में राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में शिविर आयोजित किया जायेगा। इसके अलावा 29 मार्च को विकासखंड बीरोंखाल व नैनीडांडा में शिविर विकासखंड मुख्यालयों व विकासखंड कोट में पंचायत भवन सबदरखाल में बहुउद्देशीय शिविर व स्वास्थ्य शिविर का आयेाजन किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बहुउद्देशीय शिविर व स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित होने के साथ ही समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं।