लोक भवन में हर्षोल्लास से मनाई गई होली।
लोक भवन देहरादून:- लोक भवन में बुधवार को होली के पावन अवसर पर रंगारंग होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री गणेश जोशी, प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, सचिव श्री राज्यपाल श्री रविनाथ रामन तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और इस पावन पर्व की खुशियों में सराबोर हो गए।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रत्येक भारतीय और विशेष रूप से उत्तराखण्ड के नागरिकों को होली के इस क्षण पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व हमारे अंदर व्याप्त हर्ष और उल्लास का प्रतीक है, जो ईश्वर का आशीर्वाद है। उन्होंने इस उत्सव की सबसे बड़ी विशेषता ‘समरसता’ को बताया, जहाँ सभी लोग प्रेम और स्नेह के साथ एक-दूसरे से जुड़ते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि रंगों का अर्थ यही है कि प्रभु के बनाए सभी रंग किस प्रकार एक होकर आपसी एकता और एकजुटता को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम मिल-जुलकर हर उत्सव मनाते हैं, वह पूरी दुनिया और मानवता के लिए एक बड़ा संदेश है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली का पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह उत्सव हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे तथा उत्तराखण्ड निरंतर विकास, समृद्धि और प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।
