यमकेश्वर में जन अधिकारों की हुंकार: 19 मार्च से शुरू होगी उत्तराखंड क्रांति दल की विशेष जात्रा।
यमकेश्वर/कोटद्वार:- उत्तराखंड की क्षेत्रीय अस्मिता और जन सरोकारों की लड़ाई को धार देने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) आगामी 19 मार्च 2026 से यमकेश्वर क्षेत्र में एक व्यापक जन जागरूकता अभियान शुरू करने जा रहा है। ‘गौं गुठयार जन अधिकार जात्रा’ और ‘चौक तिबारी क छुंई’ कार्यक्रमों के माध्यम से दल के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को उठाएंगे।
इस यात्रा का विधिवत शुभारंभ प्रातः 11 बजे माँ विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने के बाद शंखनाद के साथ किया जाएगा।
प्रमुख मुद्दे और एजेंडा:- उत्तराखंड क्रांति दल के संगठन मंत्री नितीश उनियाल और जगदम्बा प्रसाद जोशी (जे.पी. जोशी) ने बताया कि इस जात्रा का मुख्य उद्देश्य पहाड़ के मूल अस्तित्व से जुड़े गंभीर विषयों पर चर्चा करना और सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। जात्रा के दौरान निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर जनता से संवाद किया जाएगा:
मूल सरोकार: मूलनिवास 1950 को लागू करने की मांग और सख्त भू-कानून की आवश्यकता।
संसाधन और संस्कृति:- जल-जंगल-जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार और पौराणिक संस्कृति, मेलों एवं त्योहारों का संरक्षण।
शिक्षा और स्वास्थ्य: उच्च शिक्षा, रोजगारपरक शिक्षा और क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता।
पलायन और स्वरोजगार: बंजर होती खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, पशुपालन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना।
क्षेत्रीय समस्याएं: जंगली जानवरों का बढ़ता आतंक और स्थानीय बोलियों (ब्योली अर डोली) का संरक्षण।
जनता से अपील:- निवेदक उपेंद्र बडोला, नितीश उनियाल और जगदम्बा प्रसाद जोशी (जे.पी. जोशी) ने यमकेश्वर और कोटद्वार जिले के समस्त जनमानस से अपील की है कि वे इस जात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के जल, जंगल और जमीन को बचाने की एक सामूहिक मुहिम है।
