“महाराजा सुहेलदेव की 1017वीं जयंती: रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब। WWW.JANSWAR.COM

ऋषिकेश में भव्य जयंती महोत्सव, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया शुभारंभ।

ऋषिकेश:-राष्ट्रीय महाराजा सुहेलदेव जयंती आयोजन समिति द्वारा राष्ट्रवीर महाराजा श्री सुहेलदेव राजभर जी के 1017वें वर्ष एवं 24वें जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाज के लोगों ने सहभागिता कर राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में संयोजक श्री लल्लन राजभर एवं समिति के अन्य पदाधिकारियों द्वारा डॉ. अग्रवाल का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर जी के जीवन एवं उनके अद्वितीय पराक्रम को स्मरण करते हुए कहा कि महाराजा सुहेलदेव जी केवल राजभर समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन धर्म एवं हिंदू धर्म के महान रक्षक थे। उन्होंने बताया कि जब मोहम्मद गोरी का भांजा सैयद सालार मसूद गाजी लगभग एक लाख बीस हजार सेना के साथ पश्चिम दिशा से आक्रमण करते हुए श्रावस्ती की ओर बढ़ा, तब महाराजा सुहेलदेव जी ने अपने क्षेत्र के विभिन्न राजाओं को एकजुट कर उसका सामना किया और उसका वध कर राष्ट्र एवं धर्म की रक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे महान राष्ट्रनायकों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम संयोजक श्री लल्लन राजभर ने कहा कि राजभर समाज का गौरवशाली इतिहास पिछली सरकारों मे लंबे समय तक उपेक्षित रहा, किंतु वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा सभी महापुरुषों को उचित सम्मान दिया जा रहा है और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री रामआशीष राजभर, महासचिव श्री दीनदयाल राजभर, श्री डी.सी. राजभर, श्री राजकुमार राजभर, श्री सतीश राजभर, श्री प्रेम राजभर, श्री पारसनाथ राजभर, श्री जगदीश राजभर, श्री राजेश राजभर, श्री राजाराम राजभर सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।