प्रधानमंत्री के दो दिवसीय दौरा पूर्ण होने पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी उन्हें विदाई।#राजभवन में आज दीपावली मिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन।# मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैयादूज की शुभकामनाएँ।www.janswar.com

-अरुणाभ रतूड़ी

प्रधानमंत्री के दो दिवसीय दौरा पूर्ण होने पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी उन्हें विदाई।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के पश्चात शनिवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जौली ग्रांट एयरपोर्ट देहरादून में प्रधानमंत्री को विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को अल्मोड़ा के प्रसिद्ध बाल मिठाई एवं ब्रह्मकमल से सुसज्जित टोपी भेंट की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु भूषण खंडूरी, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

***********

राजभवन में आज दीपावली मिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, सचिव श्री राज्यपाल डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा सहित राजभवन अधिकारियों एवं कर्मचारियों व उनके परिजनों ने प्रतिभाग किया।

राज्यपाल ने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी राज्यपाल को दीपावली की शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि राजभवन उत्तराखंड के लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप निरंतर कार्य कर रहा है। इसमें राजभवन के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान सराहनीय है। इस दौरान उन्होंने परिजनों की समस्याओं को भी सुना और उनका हर संभव समाधान का आश्वासन दिया।

सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने भी अपना संबोधन दिया और सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राज्यपाल के परिसहाय मेजर तरूण कुमार, उप सचिव श्री एन के पोखरियाल, अनुसचिव जी0डी0 नौटियाल, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, चिकित्साधिकारी डॉ.महावीर सिंह, डॉ. ए0के0 सिंह, उपनिदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित राजभवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

***********

मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैयादूज की शुभकामनाएँ

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि धनतेरस पर आरोग्यता के देव भगवान धन्वंतरी की पूजा का भी महत्व है। भगवान धन्वंतरी हम सबके जीवन में सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता प्रदान करें इसकी उन्होंने कामना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व मर्यादा, सत्य एवं सद्भावना का भी संदेश देता है। दीपों का यह त्योहार भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के पश्चात वापस अयोध्या आने से भी जुड़ा है। दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। दीपावली का यह पर्व हम सबके जीवन को प्रकाशमय करे इसकी भी उन्होंने कामना की है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गोवर्धन पूजन समाज एवं देश की आर्थिक-सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक है।  भैयादूज के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों, विशेष रूप से महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहनों के प्रेम के साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान, परिवार एवं समाज में उनके महत्व को भी प्रदर्शित करता है।