श्रीमती निवेदिता कुकरेती (IPS), पुलिस महानिरीक्षक, SDRF द्वारा वाहिनी मुख्यालय का भ्रमण, आगामी मानसून सीजन हेतु व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की गहन समीक्षा।
देहरादून:- आज दिनांक 20 फरवरी 2026 को श्रीमती निवेदिता कुकरेती, पुलिस महानिरीक्षक, SDRF द्वारा SDRF वाहिनी मुख्यालय का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर महोदया ने वाहिनी की विभिन्न शाखाओं का विस्तृत निरीक्षण करते हुए संसाधनों, व्यवस्थाओं तथा आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तैयारियों की गहन समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान महोदया द्वारा मुख्यालय शाखा, प्रशिक्षण शाखा, संचार शाखा, स्टोर शाखा, क्वार्टर गार्द, डॉग स्क्वाड, पेट्रोल पंप सहित अन्य प्रशासनिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपलब्ध रेस्क्यू उपकरणों, आपदा राहत सामग्री एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की कार्यक्षमता का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान महोदया द्वारा SDRF की CSSR (Collapsed Structure Search & Rescue) टीम का प्रदर्शन भी अवलोकित किया गया। टीम द्वारा भूकंप अथवा भवन ध्वस्त होने की स्थिति में खोज एवं बचाव की प्रक्रियाओं, अत्याधुनिक कटिंग एवं ब्रेकिंग टूल्स, ब्रीचिंग उपकरणों, सर्च कैमरा तथा पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का प्रभावी एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। महोदया ने टीम की तकनीकी दक्षता, आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की प्रशंसा की।
महोदया ने CSSR टीम को निर्देशित किया कि नियमित रूप से यथार्थपरक मॉक ड्रिल आयोजित की जाए, उपकरणों का समय-समय पर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण को और अधिक उन्नत किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की जटिल परिस्थितियों में प्रोफेशनल अप्रोच, टीम वर्क एवं त्वरित निर्णय क्षमता ही जन-जीवन की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभाती है।
आगामी आपदा एवं मानसून सीजन को दृष्टिगत रखते हुए महोदया ने सभी इकाइयों को सदैव सतर्क, संसाधन-संपन्न एवं त्वरित प्रतिक्रिया हेतु तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, मॉक ड्रिल की नियमितता तथा आधुनिक उपकरणों के कुशल उपयोग पर विशेष बल देते हुए कहा कि SDRF की दक्षता ही आपदा के समय आमजन की सुरक्षा का मजबूत आधार है।
निरीक्षण के दौरान महोदया द्वारा अधिकारियों एवं जवानों के साथ सम्मेलन आयोजित कर उनके अनुभव, चुनौतियों एवं सुझावों को सुना गया। उन्होंने वाहिनी में अनुशासन, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए सभी कार्मिकों का मनोबल बढ़ाया तथा भविष्य में भी इसी समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर महोदया द्वारा SDRF द्वारा निर्मित जागरूकता आधारित कॉमिक बुक का विधिवत विमोचन भी किया गया। महोदया ने कॉमिक बुक की विषयवस्तु, प्रस्तुति एवं आपदा प्रबंधन संबंधी सरल संदेशों की सराहना करते हुए इसे आमजन, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहलें आपदा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और भविष्य में सुरक्षित समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगी।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वाहिनी मुख्यालय में सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी, सहायक सेनानायक श्री सुशील रावत, क्वार्टर मास्टर श्री राजीव रावत, ट्रेनिंग इंस्पेक्टर श्री प्रमोद कुमार रावत, सूबेदार मेजर श्री जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
