सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में अन्नोत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ किया ।एक दूसरे कार्यक्रम मेें उन्होंने टापर छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किये# टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन  के फाईनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी#मुख्य सचिव ने प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (PMG) के अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा की। #पौडी कोषागार से संबंधित पेंशनर अपना आधार व पैन कार्ड की प्रति कोषागार को उपलब्ध करा दें।

-अरुणाभ रतूडी़

  • सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में अन्नोत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ किया
    एक माह में राज्य में 14 लाख राशन के बैग किये जाएंगे वितरित
    प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में निशुल्क राशन वितरण के लिये शुरू हुए अन्नोत्सव
    सीएम ने लाभार्थियों से संवाद कर योजना का फीडबैक लिया
    मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अन्नोत्सव प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को खाद्यान्न के किट वितरित किये। जनता दर्शन हाल सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छः लाभार्थियों को किट प्रदान किये। इसी प्रकार अन्नोत्सव कार्यक्रम में सम्पूर्ण माह राज्य की समस्त 9230 राशन की दुकानों के माध्यम से नि शुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। कुल 14 लाख राशन थैलों का वितरण होगा।
    मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने हमेशा गरीबों की चिंता की है। कोरोना काल में जब सारी आर्थिक गतिविधियां रूकी थीं, प्रधानमंत्री जी ने देश के 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में निशुल्क राशन सम्मान के साथ उपलब्ध करवाया।
    प्रधानमंत्री जी की दूरदृष्टि नेतृत्व क्षमता और सबका साथ, सबका विकास की भावना के कारण ही हमने एकजुटता से कोरोना का सामना किया और आज करोड़ों लोग सम्मान के साथ जीवन यापन कर पा रहे है। कोरोना संकट की घड़ी में केन्द्र तथा राज्य सरकार आप सब के साथ निरंतर खड़ी रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत वर्ष 2020 में अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवारों के लाभार्थियों को माह अप्रैल से नवम्बर कुल 8 माह तक प्रति यूनिट 05 किग्रा खाद्यान्न (गेहूं/चावल) तथा 1 किग्रा दाल प्रति कार्ड निशुल्क वितरण किया गया तथा वर्ष 2021 में अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवारों के लाभार्थियों को माह मई से नवम्बर कुल 7 माह तक प्रति यूनिट 05 किग्रा खाद्यान्न (गेहूँ/चावल) निःशुल्क वितरण कराया जा रहा है।
    आत्मनिर्भर भारत योजना के अन्तर्गत प्रवासियों/अवरूद्ध प्रवासियों हेतु भारत सरकार ने 5 किग्रा0 चावल प्रति व्यक्ति एवं 01 किग्रा0 चना प्रति परिवार निःशुल्क वितरित किया। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के अन्तर्गत राज्य में माह अगस्त, 2020 से राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी लागू किया गया है। जिसके माध्यम से राज्य में अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासी परिवारों को खाद्यान्न सुरक्षा उपलब्ध करायी जा रही है।
    राज्य खाद्य योजना के अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनों से वर्ष 2020 तथा 2021 में माह अप्रैल से जून तक कुल 3-3 माह लगभग 10 लाख परिवारों को 12.50 किग्रा अतिरिक्त खाद्यान्न प्रति कार्ड सब्सिडाईज दरों पर वितरित किया गया।
    इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनों से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना तथा राज्य खाद्य योजना के लगभग 24 लाख परिवारों को 2 किग्रा० चीनी प्रति कार्ड रू० 25 प्रति किग्रा0 की दर से वितरित किया गया।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, आत्मनिर्भर भारत, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं से करोड़ों भारतीयों को लाभान्वित किया।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हमने प्रदेश की जनता को कोरोना राहत पैकेज दिये। 207 प्रकार की निशुल्क जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
    कैबिनेट मंत्री श्री बंशीधर भगत ने कहा कि अन्नोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के समस्त लाभार्थियों को भोजन के साथ-साथ सम्मान प्रदान करना है। प्रथम चरण में राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय, ब्लाक मुख्यालय, नगर निगम एवं नगर पालिका क्षेत्रों में राशन की दुकानों के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न वितरण समारोह पूर्वक किया जायेगा। सम्पूर्ण माह में समस्त 9230 राशन की दुकानों के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण समारोह पूर्वक किया जायेगा। प्रत्येक राशन की दुकानों पर नोडल अधिकारी द्वारा पर्यवेक्षण किया जाएगा।
    कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। युवा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने जनहित में कई आयाम स्थापित किये। हमारी सरकार संवेदनशील सरकार है। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास हमारा मूल मंत्र है। गरीब से गरीब व्यक्ति का कल्याण हमारी प्राथमिकता है।
    मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों के चयनित लाभार्थियों से बात की। उन्होंने बागेश्वर की माला देवी, गीता देवी, ऊधम सिंह नगर की सोनिया कालरा, रमेश थापा, हरिद्वार की लीला देवी और उत्तरकाशी की सुनीता देवी  एवं नौमी देवी से बात की। मुख्यमंत्री ने सभी से उन्हें मिल रहे राशन के बारे में जानकारी ली।
    कार्यक्रम में विधायक श्री राम सिंह कैङा, सचिव बी एस मनराल, जिलाधिकारी देहरादून आर राजेश कुमार, अपर सचिव प्रताप शाह व वर्चुअल माध्यम से विधायक श्री सुरेश राठौर, श्री चंदनराम दास, जनपदों से जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि, राशन विक्रेता, लाभार्थी उपस्थित थे।
  • सीएम पुष्कर सिंह धामी ने टाॅपर छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किये
  • वर्ष 2021 में सभी जिलों की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च स्थान और इंटरमीडिएट में ब्लाॅक स्तर पर टाॅप करने वाली मेधावी बालिकाओं को स्मार्ट फोन वितरित किये गये 
  • 162 मेधावी छात्राओं को दिये गये स्मार्ट फोन

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2021 में सभी जिलों की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च स्थान और इंटरमीडिएट में ब्लाॅक स्तर पर टाॅप करने वाली मेधावी बालिकाओं को स्मार्ट फोन वितरित किये। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जनता दर्शन हॉल, सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाल कल्याण निधि के अंतर्गत संचालित बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना में टाॅपर छात्राओं को स्मार्ट फोन दिये।
बालिकाओं के लिए शुरू होगा मैत्रैयी मेंटरशिप कार्यक्रम 
मुख्यमंत्री ने कहा कि  जल्द ही मैत्रैयी नाम से छात्राओं के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने युवाओं के हित में अनेक निर्णय लेकर उन पर काम शुरू किया है। 24 हजार रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन को निशुल्क किया गया है।
हर घोषणा हो रही पूरी
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बालिकाओं को शक्ति का प्रतीक बताते हुए छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बचपन से दो बातें जीवन में अपनाई हैं। अनुशासित रहना और अपने कमिटमेंट का पक्का रहना। आज का युग आईटी का युग है। कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा का महत्व बढ़ा है। इसे देखते हुए हमने प्रदेश की सरकारी स्कूलों के कक्षा 10 व 12 और डिग्री कालेजों के छात्र छात्राओं को निशुल्क मोबाईल टेबलेट देने का निर्णय लिया है और इसे जल्द ही इम्प्लीमेंट किया जाएगा। हम अपनी हर घोषणा को पूरा कर रहे हैं। जो काम शुरू कर रहे हैं, उसे पूरा भी करेंगे। जो भी राहत पैकेज घोषित किये उनकी राशि लाभार्थियों के खातों में जानी शुरु हो गई है।
पूरे मनोयोग से करें काम तो मिलती है सफलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि साधारण परिस्थितियों में जन्में लोग असाधारण की यात्रा करते हैं। पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डा एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी इसके उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री जी ने महिला सशक्तीकरण में काफी काम किया। स्वच्छ भारत मिशन में पूरे देश में शौचालयों के निर्माण, उज्जवला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढना है तो समय का पूरा सदुपयोग करें। जो भी काम करें, पूर्ण मनोयोग से करें। एक बार किसी लक्ष्य का संकल्प लें तो उसके विकल्प के बारे में नहीं सोचना चाहिए।
महिलाओ का सम्मान चिंतन मनन के साथ आचरण में भी दिखे
कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने कहा कि देवभूमि देवियों की भी भूमि है। जिस समाज में नारी को पूजते हैं वहां कन्या भ्रूण हत्या सबसे बङा पाप है। हमें अपने विचारों को भी शुद्ध करना है। रुढिवादी मानसिकता से बाहर आकर लैंगिक समानता लानी है। यह केवल चिंतन मनन में ही नहीं बल्कि आचरण में भी दिखना चाहिए। राज्य सरकार बालिकाओं और महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने के लिये काम कर रही है। नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, स्पर्श नैपकिन योजना ऐसी ही मुख्य योजनाएं हैं। इसी प्रकार वात्सल्य योजना सरकार की संवेदनशीलता को बताती है।
शिक्षा से ही महिला सशक्तिकरण सम्भव
विधायक झबरेङा श्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि बाबा साहेब अम्बेडकर जी ने बालिका शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया था। शिक्षा से ही महिला सशक्तीकरण सम्भव है।
सचिव श्री हरि चंद्र सेमवाल ने योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुल 162 मेधावी छात्राओं को स्मार्ट फोन दिये गये हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्र ने किया।

  • टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन  के फाईनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी
  • सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया

रेल मंत्रालय द्वारा टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन  के फाईनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल लाईन बनने से क्षेत्र में विकासात्मक गतिविधियां बढेंगी और लोगों को काफी  सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उनके कार्यकाल में उत्तराखण्ड में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। विशेष तौर पर कनेक्टीवीटी के क्षेत्र में चारधाम सङक परियोजना, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना। एयर कनेक्टीवीटी में ऐतिहासिक काम हुए हैं या गतिमान हैं। इससे आने वाले समय में उत्तराखण्ड की आर्थिकी में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से नई दिल्ली में भेंट के दौरान विशेष रूप से 154.58 किमी की टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन  के फाईनल लोकेशन सर्वे का अनुरोध किया था। इसी क्रम में इसे मंजूरी दी गई है। फाईनल लोकेशन सर्वे के लिए 28.95 करोड़ रूपए की भी स्वीकृति दी गई है

                       ..#####– 

मुख्य सचिव डॉ. एस एस संधु ने सोमवार को सचिवालय में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (PMG) के अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के तहत योजनाएं अत्यंत ही महत्वपूर्ण योजनाएं हैं, जिन्हें समय पर पूर्ण किया जाना अति आवश्यक है।
तपोवन विष्णुगाड परियोजना के सम्बन्ध में मुख्य सचिव ने एनटीपीसी को इसके संचालन सहित सभी सभी स्टेप्स की टाईमलाईन निर्धारित करते हुए योजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि एक ऐसा मैकेनिज्म तैयार किया जाए कि प्रत्येक कार्य के लिए जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट के सम्बन्ध में जिलाधिकारी टिहरी को सभी भूमि हस्तांतरण और आवश्यक खनन स्वीकृतियों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंडिंग कार्यों के निस्तारण के लिए प्रोएक्टिव होकर समीक्षा किए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी सम्बन्धित विभागों को आपसी सहयोग से सॉल्यूशन फाइंडर की भूमिका निभाते हुए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली को परियोजना से प्रभावितों की समस्याओं के निस्तारण की शीघ्र व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें प्रभावितों को कॉन्फिडेंस में लेकर उनके समस्याओं के निस्तारण हेतु हर संभव सहायता देनी है। परियोजना से विस्थापितों को जिस जगह शिफ्ट किया जा रहा है, उस जगह सभी आवश्यक सुविधाएं भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। रुड़की देवबंद नई रेलवे लाईन प्रोजेक्ट में भी तेजी लाते हुए सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं। बैठक में बताया गया कि उत्तर रेलवे द्वारा टेंडर प्रक्रिया दिसंबर अंत तक पूर्ण कर ली जाएगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती मनीषा पंवार, सचिव श्री आर मीनाक्षी सुंदरम, श्रीमती सौजन्या एवं डॉ. रंजीत सिन्हा सहित सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी भी उपस्थित थे।


पौडी कोषागार से संबंधित पेंशनर अपना आधार कार्ड व पैन कार्ड की प्रति कोषागार को उपलब्ध करा दें।

मुख्य कोषाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोषागार में डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। उन्होंने समस्त पेंशनरों को अवगत कराया कि जो पेंशनर कोषागार पौड़ी से पेंशन आहरित करते हैं, वह अपन पैन कार्ड तथा आधार कार्ड की प्रति 10 दिन के भीतर जिला कोषागार पौड़ी में जमा करवाएं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *