राज्यपाल ने राजप्रज्ञेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक किया #मुख्यमंत्री ने सप्तेश्वर मंदिर में जल चढाया तथा चम्पावत के विकास की कई  घोषणाएं की #राज्य में प्रस्तावित विद्युत दरों के सम्बन्ध में की जायेगी जन सुनवाई

 

राज्यपाल ने राजप्रज्ञेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक किया

 

 

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने महाशिवरात्रि के अवसर पर राजभवन परिसर स्थित राजप्रज्ञेश्वर मंदिर में रूद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व खुशहाली के लिए कामना की। राज्यपाल ने कहा कि महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर लोग श्रद्धा, भक्ति और पूरे उल्लास के साथ देवाधिदेव महादेव की पूजा-अर्चना करते है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व शिव एवं शक्ति की आराधना का पर्व है। भारतीय संस्कृति में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है। राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर सहित राजभवन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

**********

 मुख्यमंत्री ने सप्तेश्वर मंदिर में जल चढाया तथा चम्पावत के विकास की कई  घोषणाएं की
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चंपावत स्थित श्री सप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर  भगवान शिव के दर्शन किए। शिवरात्रि के  पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुखशान्ति समृद्धि एवं खुशहाली की कांमना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए समस्त क्षेत्रवासियों व प्रदेशवासियों  को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान सप्तेश्वर महादेव मंदिर के पुर्ननिर्माण का भूमि पूजन करने का शौभाग्य जो मुझे देवभूमि के मुख्य सेवक के रूप में आज प्राप्त हुआ है यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सप्त ऋषियों ने जहाँ तपस्या की, ऐसा पवित्र व आस्था के इस केन्द्र पर कोई किसी के बुलाने से नहीं आता, यह महादेव का ही आशिर्वाद ही है कि मैं यहाँ पंहुचा हूँ।
      उन्होंने कहा कि सपतेश्वर प्राचीन मंदिर की स्थापना करने वाले बाबा भैरव गिरि ने जो स्वप्न देखा था आज वह स्वप्न मंदिर के भव्य व दिव्य पुर्ननिर्माण के रूप में पूर्ण होने जा रहा है,भविष्य में भी यहाँ के लिए अनेक  योजनाएं सरकार बना रही है, जिसका लाभ क्षेत्रीय जनता को अवश्य मिलेगा। उन्होंने अवगत कराया कि सरकार द्वारा सपतेश्वर के लिए 7 किमी सड़क निर्माण का कार्य चल रहा उसके पूर्ण होने से निश्चित रूप यह स्थान स्वयं में जो भव्यता और दिव्यता से भरा है विकास की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति की पताका पूरे विश्व में लहरा रही है और दुनिया भर के देश हमारी प्राचीन संस्कृति और उसके परम वैभव से परिचित हो रहे हैं।   उन्होंने कहा कि हमारे धर्म ने कभी भी “स्व“ अर्थात स्वयं की बात नहीं की, इसने सदा “सर्व“ अर्थात सभी की बात की है, यही हमारी विशेषता है, तभी तो हमारे यहां ’“सर्वे भवन्तु सुखिनः“’ बोला जाता है। यही कारण है कि हजारों वर्षों के पश्चात भी विश्व हमारी आस्थाओं, संस्कृति और मान्यताओं के सामने नतमस्तक है। उन्होंने कहा कि हम अपने धर्म मार्ग से विचलित न हों और जो हमारे सनातन संस्कृति है उस सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए, उसको बचाने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहें। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना पुनः जागृत हुई है वहीं हमारी प्रदेश सरकार भी उत्तराखंड के प्राचीन मंदिरों के पुर्ननिर्माण और जीर्णोद्वार के लिए कृत संकप्लिप, प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक एवं धार्मिक रूप से उत्तराखंड को महादेव की भूमि माना जाता है। यही कारण है कि गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों को भगवान केदारनाथ की भूमि मानते हुए जहां केदारखंड पुकारा जाता है वहीं कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों को कैलाश मानसरोवर की भूमि मानते हुए मानसखंड कहा जाता है। यही कारण है कि केदारखंड के मंदिरों को विकसित करने के साथ ही हम मानसखंड कॉरिडोर को भी विकसित करने कि दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिसके अंतर्गत कुमांऊ के गोलज्यू मंदिर, पाताल भुवनेश्वर, कोट भ्रामरी, गुरूगोरखनाथ, मॉ पूर्णागिरि, देवीधुरा, कैंचीधाम, बाल सुंदरी समेत अनेक मंदिरों को प्रथम चरण लिया है और दूसरे चरण में अन्य मंदिरों को लिया जायेगा। इसके लिए हम महायोजना तैयार कर रहे है और उसी अनुसार कार्य कर रहे है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि मानसखंड कॉरिडोर पर आधारित हमारी झांकी को गणतंत्र दिवस की परेड में प्रथम पुरुष्कार मिला। उन्होंने कहा कि चंपावत जिले के विकास हेतु वह कृत संकल्पित हैं इसी उद्देश्य से  जिला मुख्यालय एवं टनकपुर में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सी.एम. कैंप कार्यालय भी खोला है। सरकार चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए लगातार मिशन मोड़ में कार्य कर रही हैं। जल्द ही इसी माह चम्पावत में विकास कार्यां को लेकर एक बैठक प्रस्तावित की गई है। उन्होंने कहा कि सिप्टी वॉटर फॉल का सौंदर्यीकरण हेतु धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। चंपावत के साथ साथ पूरे प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत जिले के विकास हेतु अभी तक कुल 95 घोषणाएं की जिसमें जिसमें 45 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी है और शेष घोषणाओं पर कार्य किया जा रहा है। टकनपुर में बनने वाले आईएसबीटी बस अडडे हेतु 58 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो गयी है
     इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास हेतु विभिन्न  घोषणाएं भी की जिसमें श्यामलाताल झील में पूरे राज्य के अन्दर चल रही 13 डिस्ट्रिक 13 डेस्टिनेशन के अन्तर्गत पर्यटन संस्थाओं के लिए बनी डीपीआर को जल्द ही स्वीकृति प्रदान करने किए जाने की घोषणा।
       बाराकोट ब्लॉक मुख्यालय क्षेत्र में सड़कों का डामरीकरण किया जाएगा।
        जिला मुख्यालय में स्थित गोरलचोड़ मैदान को स्टेडियम का स्वरूप दिया जायेगा,इसके लिए विस्तृत डीपीआर बनायी जायेगी।
       टनकपुर स्थित साहसिक खेल केंद्र को संचालित करते हुए ऐरो स्पोटर्स गतिविधियों एवं आधारभूत ढांचा तैयार किया जायेगा।
         सप्तेश्वर महादेव मंदिर के पूरे स्थान का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा और यहा के स्नान घाट एवं अन्तिम संस्कार के स्थान का पुर्ननिर्माण एवं सौन्दर्यीकरण किया जायेगा।
       मुख्यमंत्री बीएडीपी योजनान्तर्गत पौराणिक लधौन धूरा मेला स्थल का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा। सिप्टि पंपिंग योजना को स्वीकृत किए जाने की घोषणा की।
       कार्यक्रम के दौरान  मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत स्वीकृत लागत रुपए 81.97 लाख के पर्यटक आवास गृह टनकपुर का उच्चीकरण,  स्वीकृत लागत रुपए 89.41 लाख के पर्यटक आवास गृह लोहाघाट का उच्चीकरण, स्वीकृत लागत रुपए 61.35 लाख के पर्यटक आवास गृह चंपावत का उच्चीकरण तथा स्वीकृत लागत रुपए 78.20 लाख के सिप्टी वाटरफाल का सौंदर्यीकरण एवं ट्रैक रूट का विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
 इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा मंदिर में आयोजित होली गायन,झोड़ा गीत कार्यक्रम में भी सामिल होकर गायन किया।
     इस अवसर पर लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, पूर्व दर्जा मंत्री हयात सिंह महरा, जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा, प्रभागीय वनाधिकारी आरसी कांडपाल, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत,एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी, मंडल अध्यक्ष प्रकाश बिलवाल, सुभाष बगोली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे, अध्यक्ष भाजयूमो गौरव पांडे, श्याम नारायण पांडे, जिला महामंत्री पूरन सिंह महरा,विभिन्न विभागीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कलखुड़िया द्वारा किया गया।

*********

राज्य में प्रस्तावित विद्युत दरों के सम्बन्ध में की जायेगी जनसुनवाई
प्रस्तावित विद्युत दरों के सम्बन्ध में विद्युत नियामक आयोग द्वारा जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। आयोग के समक्ष उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लि., पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लि०, यूजेवीएन लि० तथा एस०एल०डी०सी० द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए दायर ए०आर०आर० एवं टैरिफ प्रस्ताव वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए सहीकरण तथा वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए वार्षिक निष्पादन समीक्षा पर उपभोक्ताओं व अन्य सम्बन्धित संस्थाओं, व्यक्तियों से सुझावों / मतों को जानने हेतु उत्तराखण्ड विद्युत नियामक आयोग द्वारा जन सुनवाई आयोजित की जा रही है।
सचिव विद्युत नियामक आयोग के अनुसार प्रदेश में जन सुनवाई के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 22 फरवरी, 2023 को प्रातः 10ः30 बजे से 01 बजे तक सभागार, नगर निगम, रूद्रपुर (उधम सिंह नगर) , 24 फरवरी को प्रातः 10ः30 बजे से 12ः30 बजे तक सभागार, जिला पंचायत कार्यालय पिथौरागढ़ , दिनांक 27 फरवरी को प्रातः 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक सभागार नगर पालिका परिसर श्रीनगर गढ़वाल तथा 01 मार्च में प्रातः 10ः30 बजे से 01 बजे तक (उद्योग/अघरेलू श्रेणी उपभोक्ता) एवं अपरान्ह 03 बजे से सांय 5 बजे तक (उघोग/अघरेलू श्रेणी को छोडकर अन्य शेष सभी श्रेणी के उपभोक्ता) देहरादून स्थित सुनवाई कक्ष उत्तराखण्ड विद्युत नियामक आयोग, विघुत नियामक भवन, माजरा देहरादून में आयोजित की गई है।
सचिव विद्युत नियामक आयोग ने बताया है कि टैरिफ दरों के प्रस्ताव के सम्बन्ध में यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था अपना मत आयोग के समक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं तो वे जन सुनवाई में प्रतिभाग कर सकते हैं। टैरिफ याचिका प्रस्तावों का अवलोकन आयोग की वैबसाइट www.uerc.gov.in पर किया जा सकता है।