-अरुणाभ रतूड़ी
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से पौधा भेंट किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ व प्रतीक चिह्न भेंट किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर स्थित शौर्य दीवार पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में मौलश्री के पौधे का रोपण भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ0 चिन्मय पाण्डया, जिलाधिकारी हरिद्वार श्री विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 योगेन्द्र सिंह रावत उपस्थित थे।
—————————————————-
उत्तराखंड सतरुद्रा ट्रस्ट ने बच्चों को वितरित किए स्वैटर
दिनांक 2 दिसंबर 2021 को उत्तराखंड सतरुद्रा ट्रस्ट के सदस्यगण दो दिवसीय भ्रमण पर आनंद लोक, ग्राम सिरासू, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल पहुंचे। यहां पर दो विद्यालयों- रा प्रा वि सिरासू एवं रा उ प्रा वि सिरासू के बच्चों को एक संक्षिप्त कार्यक्रम में उपहार स्वरूप स्वेटर वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट पिछले दो वर्षों से समाज सेवा के विभिन्न कार्यक्रम चला रहा है जिसमें साधनहीन छात्रों को शैक्षिक सहयोग (वर्तमान में 14 बच्चों को), निर्धन साधनहीन परिवारों को परिवार सहायता (वर्तमान में चार परिवार) एवं चिकित्सकीय सहायता (अभी तक एक) शामिल है। इस दौरान श्रीमती एवं श्री विनोद बहुगुणा, श्रीमती एवं श्री लक्ष्मण सिंह बिष्ट. श्रीमती एवं श्री महेंद्र पाल सिंह नेगी, श्रीमती एवं श्री गणेश चन्द्र उनियाल, श्रीमती एवं श्री अनूप कुमार बड़थ्वाल, श्रीमती एवं श्री मंगला प्रसाद बंगवाल एवं श्रीमती एवं श्री हरेंद्र सिंह असवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुषमा असवाल ने किया। इससे पूर्व प्रधानाध्यापिका श्रीमती राधा बिंजोला ने सभी का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने बच्चों को संबोधित किया एवं उनका उत्साहवर्धन किया। अंत में जूनियर हाईस्कूल सिरासू की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ममता चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। जूनियर हाईस्कूल सिरासू की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ममता चौधरी एवं शिक्षक श्री अनिल रावत भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।