– अरुणाभ रतूड़ी
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई उत्तराखण्ड चार धाम देवस्थानम् प्रबन्धन बोर्ड की बैठक।
बोर्ड के वर्ष 2021-22 के बजट का किया गया अनुमोदन।
जोशीमठ में स्थापित होगा वेद अध्ययन केन्द्र।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड चारधाम देवस्थानम प्रबन्धन बोर्ड की तीसरी बैठक आयोजित हुई। बैठक में बोर्ड के वर्ष 2021-22 के बजट को अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही जोशीमठ में श्री बद्रीनाथ वेद वेदांग स्नात्तकोतर संस्कृत महाविद्यालय जोशीमठ की अध्यासन वाली भूमि पर वेद अध्ययन केन्द्र स्थापित किये जाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में बोर्ड द्वारा धार्मिक मान्यताओं को देखते हुए श्री बद्रीनाथ, श्री केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री मन्दिरों के गर्भगृह से सजीव प्रसारण न किये जाने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में श्री केदारनाथ धाम में पूजा/यात्रा व्यवस्था के सफल संचालन हेतु मास्टर प्लान के अनुसार आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कार्य सम्पादित करने हेतु कन्सलटेंट चयनित किये जाने पर भी सहमति दी गई।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चारधाम स्थित मन्दिरों में पुरानी परम्परायें चलती रहेगी। राज्य सरकार का कार्य मन्दिर की आन्तरिक व्यवस्थाओं पर अधिकार करना नही बल्कि सहयोग करना है। हमारा उद्देश्य मन्दिर परिसरों की सुविधाओं के विकास में सहयोगी बनना है। उन्होंने सभी सदस्यों से इस सम्बन्ध में सभी को अवगत कराने की भी अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित लोगों से वार्ता भी की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा संचालित न होने की दशा में आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड को अतिरिक्त वित्तीय सहायता दिये जाने पर भी विचार किया जायेगा, इसके लिये मुख्यमंत्री ने संशोधित प्रस्ताव प्रेषित करने को कहा।
बैठक में आयुक्त गढ़वाल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तराखण्ड चारधाम देवस्थानम बोर्ड श्री रविनाथ रमन ने बोर्ड के कार्यकलापों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में श्री बद्रीनाथ देवस्थानम हेतु 24.46 करोड़, श्री केदारनाथ देवस्थानम के लिये 29.92 करोड़ तथा गंगोत्री एवं यमुनोत्री के लिये 50-50 लाख का बजट प्रस्तावित है जिसे बोर्ड द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में पर्यटन मंत्री तथा उपाध्यक्ष चारधाम देवस्थानम बोर्ड श्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु, सचिव श्री दिलीप जावलकर, अपर सचिव वित श्री वी षणमुगम, बोर्ड के सदस्यों में महाराजा मनुजेन्द्र शाह, श्री निवास पोस्ती, श्री आशुतोष डिमरी, श्री गोविन्द सिंह पंवार, श्री कृपाराम सेमवाल, श्री जयप्रकाश उनियाल तथा श्री महेन्द्र शर्मा उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवस्थानम प्रबन्धन बोर्ड श्री वी0डी0सिंह, वित नियन्त्रक श्री जगत सिंह बिष्ट, डॉ. हरीश गौड, अनिल ध्यानी, प्रमोद नौटियाल, कुलदीप नेगी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री केम्प कार्यालय में किसान मौर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर ने भेंट की। उन्होंने किसान हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ सभी किसानों को समय पर मिले तथा उनकी कठिनाईयों का तत्परता से निराकरण हो इसके लिये भी प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, उपाध्यक्ष श्री मुकेश मान, महामंत्री श्री शंभु कुमार, प्रदेश अध्यक्ष किसान मौर्चा श्री अनिल चौहान, देवी सिंह राणा, महेन्द्र सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।
—————————————————
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने आज हरेला पर्व पर खंडयूसैंण स्थित राजकीय प्रजनन उद्यान/उद्यान सचल दल केंद्र परिसर में माल्टा के पौधा का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने वहां सेब की बागवानी, अखरोट, पॉलीहाउस, नासपाती, मशरूम प्लांट सहित अन्य का निरीक्षण भी किया। उन्होंने उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि फलदार पौधों को अत्यधिक बढ़ावा देना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने मशरूम प्लांट की निरीक्षण कर मशरूम शहीद बनाने की जानकारी भी ली। इस दौरान मशरूम प्रशिक्षक अभिषेक रावत ने विस्तार से मशरूम उत्पादन तथा पेकिंग की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि मशरूम को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों के स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पूर्व में प्रशिक्षण दे। जिससे लोग प्रशिक्षण लेकर अन्य लोगों को भी स्वरोजगार से जोड़ सकें तथा अपनी आर्थिकी मजबूत बना सकेंगे।
इस अवसर अपर जिलाधिकारी डॉ. एस.क.े बरनवाल, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेंद्र कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी डीएस राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी केएस नेगी सहित अन्य उपस्थित थे।