द्वारा-नागेन्द्रप्रसाद रतूड़ी
मुख्यमंत्री ने “आपका बजट आपके सुझाव” के तहत सुझाव देने की अपील की है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने समाज के प्रबुद्ध लोगों एवं युवाओं, महिलाओं से ’आपका बजट आपके सुझाव’ के तहत अपने अमूल्य सुझाव देने की अपील की है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा जायेगा। इसके लिए जितने महत्वपूर्ण सुझाव आयेंगे, उन सुझावों को ध्यान में रखकर बजट बनाया जायेगा।
बजट 2021-22 के लिए 20 जनवरी 2021 तक जनता से सुझाव मांगे गये हैं। कोई भी व्यक्ति राजकोषीय नियोजन एवं संसाधन निदेशालय की वेबसाइट https://budget.uk.gov.in/feedback एवं मोबाईल एप्प Uttarakhand Budget गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपना सुझा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ हुई मुख्यमंत्रियों की बैठक में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ आयोजित हुई मुख्यमंत्रियों की बैठक में प्रतिभाग किया। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 16 जनवरी को कोविड-19 से बचाव के लिये देश भर में टीकाकरण अभियान के सफल आयोजन पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि टीकाकरण अभियान के प्रथम चरण में एक करोड़ हेल्थ वर्कर्स तथा 02 करोड़ फ्रंट लाइन वर्कर्स को यह वैक्सीन दी जायेगी। केन्द्र सरकार के स्तर पर वैक्सीन क्रय कर राज्यों को निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी। इसके बाद 50 वर्ष से उपर के लोगों को वैक्सीन उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री ने बर्ड फ्लू के दृष्टिगत भी सभी मुख्य मंत्रियों से इसके बचाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने की अपेक्षा की।
प्रधानमंत्री के साथ आयोजित हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने आगामी 16 जनवरी को होने वाले राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के सफल आयोजन हेतु राज्य में की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने इस सम्बन्ध में सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि टीकाकरण हेतु राज्य स्तर पर टास्क फोर्स के गठन, सभी जनपदों में कोल्ड चेन सिस्टम को मजबूती, वैक्सीन भण्डारण एवं वितरण हेतु पर्याप्त स्थान की उपलब्धता के साथ ही इसके लिये आवश्यक मानव संसाधनों की व्यवस्था यथा समय पूर्ण करा ली जाय। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, नर्सिंग एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बर्ड फ्लू के दृष्टिगत एहतियात बरतने के भी निर्देश दिये। उन्होंने इसकी रोकथाम के लिये प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने हेतु पशुपालन, वन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री ओम प्रकाश, सचिव स्वास्थ्य श्री अमित नेगी, प्रभारी सचिव डॉ पंकज कुमार पाण्डेय भी उपस्थित थे।
स्वामी विवेकानन्द, महान आध्यात्मिक विचारक एवं वक्ता थे-मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने स्वामी विवेकानन्द की जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। प्रदेश में इस वर्ष स्वामी विवेकानन्द की जयंती ‘‘युवा चेतना दिवस’’ के रूप में मनाई जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द, महान आध्यात्मिक विचारक एवं वक्ता थे। स्वामी विवेकानन्द ने भारतीय दर्शन तथा हमारी महान संस्कृति के महत्व को दुनिया से अवगत कराया। वह युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें।
स्वामी विवेकानन्द की 158वीं जयंती पर प्रदेश की राजधानी देहरादून में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। मुख्यमंत्री प्रदेश के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता दर्शन हॉल में सांयकाल राष्ट्रभक्ति कवि सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। इस कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत रहेंगे। डॉ. कुमार विश्वास, सुश्री कविता तिवारी, श्री तेज नारायण शर्मा बेचैन, श्री रमेश मुस्कान एवं श्री राजीव राज द्वारा काव्य प्रस्तुति दी जायेगी। जिला मुख्यालयों पर भी युवाओं से रोजगार, स्वरोजगार एवं राष्ट्रीय चेतना के संबंध में परिचर्चा आयोजित की जाएगी। परिचर्चा के उपरांत स्वयं सहायता समूह द्वारा उत्पादित उत्पाद मुख्यमंत्री जी की ओर से युवाओं को प्रतीक चिन्ह के रूप में वितरित किये जायेंगे।
—————————————————————–
योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन प्रारम्भ
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट का प्रथम स्टेशन है योगनगरी ऋषिकेश
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया।
सोमवार से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के पहले स्टेशन योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का विधिवत संचालन प्रारम्भ हो गया है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। प्रदेशवासियो का पहाड़ में रेल का सपना जल्द ही साकार होने जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना़, उत्तराखण्ड़ के लिए लाईफ लाईन साबित होगी। इनके बनने पर राज्य में आर्थिक गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और बड़े पैमाने पर आजीविका के संसाधन विकसित होंगे। वो दिन दूर नहीं जब पर्यटक और श्रद्धालु रेल से आएंगे और उत्तराखण्ड के स्थानीय लोग भी अपने उत्पाद शहरों और बाजारों तक रेल से पहुंचा रहे होंगे।
उत्तराखण्ड में 16,216 करोड़ रूपए की 125 किमी लम्बी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इस परियोजना का पहला स्टेशन न्यू ऋषिकेश रेलवे स्टेशन बन कर तैयार हो चुका है। परियोजना को 2024-25 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री भी इस परियोजना पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उनके द्वारा समय-समय पर इसकी प्रगति की समीक्षा की जाती रही है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह प्रोजेक्ट रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल की प्राथमिकताओं में भी है। रेल मंत्रालय द्वारा इस पर तेजी से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रेल निगम अधिकारियों के साथ स्टेशन निर्माण के दौरान कई बार निरीक्षण किए थे।
योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद यहां से सोमवार से विधिवत रूप से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। सुबह साढ़े दस बजे जम्मू-तवी एक्सप्रेस यहां पहुंची, जिसका तीर्थनगरी के लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया। हरिद्वार में होने जा रहे महाकुंभ के दौरान भी योगनगरी ऋषिकेश से रेलगाड़ियां चलेंगी। ऐसे में इस स्टेशन की अहमियत और भी बढ़ जाती है।
————————————————————————–
बर्डफ्लू से सावधानियां बरतने के लिए संबंधित विभागों को दिशा निर्देश दिए गये-जिलाधिकारी।
जिलाधिकारी श्री धीराज सिंह गर्ब्याल ने आज अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि जनपद में अभी तक बर्डफ्लू के कोई मामला संज्ञान में नही आया है। बर्डफ्लू से सावधानियाॅ बरतने हेतु रेखीय विभाग के संबंधित विभाग को दिशा निर्देश दिये गये है। साथ ही जनपद एवं तहसील स्तर पर टीमों का गठन किया गया है। बर्डफ्लू से संबंधित तथ्य प्रकाश अथवा संज्ञान में आने पर तत्काल कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होने कहा कि जनपद में अन्य जनपद/बाहर से आने वाले चिकन को बिना परीक्षण के प्रतिबंध किया गया है।