समाचार प्रस्तुति-नागेन्द्र प्रसाद रतूड़ी
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में अधिकारियों की बैठक ली.

एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर आये प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्थानीय स्तर पर होने वाले उत्पादों के विपणन की उचित व्यवस्था की जाय। पर्वतीय जिलो में विपणन की सम्भावनायें तलाशी जाने की भी बात उन्होंने कही। इससे उत्पादित सामग्री को स्थानीय बाजार भी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य की लोगो को बेहतर सुविधायें प्रदान की जाए। बुनियादी सुविधाये प्रदान कर पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन पर लगाम लगायी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे उद्योगों को स्थापित कर यहा की आर्थिकी को बढाने के प्रयास किये जाय।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि इस वर्ष हरेला पर्व के दिन पूरे प्रदेश में एक साथ वृक्षारोपण किया जायेगा। इसके लिए उन्होंने वन विभाग व सम्बन्धित अन्य विभागों को तैयारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कोसी पुर्नजनन अभियान के अन्तर्गत किये गये कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि बनाये गये टैं्रच होल की नियमित मानिटरिंग करने व भर गये टै्रंच व होल के स्थान पर लगातार कार्य करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने फलदार वृक्षों को रोपने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल क्षेत्र में मशरूम की खेती से लोगो की आजीविका में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने मुख्य उद्यान अधिकारी को मशरूम उत्पादन की सम्भवनाओं को भी तलाशने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने व्यवसायिक हैम्प उत्पादन के लिए एक कलस्टर स्थापित करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिये और कहा कि कलस्टर के माध्यम से वहा पर हैम्प प्रोसेसिंग यूनिट राज्य सरकार द्वारा लगा दी जायेगी। इस दौरान उन्होंने तड़ागताल झील निर्माण के सम्बन्ध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिस पर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इसकी डी0पी0आर0 तैयार कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि जनपद में होने वाले महोत्सवों में बाहर से आने वाले लोगो की संख्या में बढ़ोत्तरी के लिए प्रयास किये जाय जिससे स्थानीय लोगो के साथ-साथ देश-विदेश के लोग भी देखने आयें। बैठक में उन्होंने महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों से अनेक विषयों पर जानकारी प्राप्त की और कहा कि निर्धन मेधावी बच्चों को देहरादून स्थित हिम ज्योति फाउण्डेशन विद्यालय हेतु तैयार किया जाय। इस विद्यालय में उच्च स्तरीय सुविधायें बच्चों को दी जाती है। आपदा प्रबन्धन की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी आपातकालीन स्थित व दुर्घटना के समय रिस्पांस टाईम कम से कम किया जाय जिससे जान-माल की क्षति से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मन्दिर प्रबन्धन समिति द्वारा प्रबन्धन समिति बनने के बाद हुए परिर्वतन के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और उन्हें बताया गया कि समिति बन जाने के बाद आय में वृद्धि के अलावा अनेक सौन्दर्यकरण कार्य किये गये है। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि अल्मोड़ा के संस्कृति के परिपेक्ष्य में एक लोकगीत तैयार किया जाय जिसमें अल्मोड़ा की संस्कृति व यहा की सभ्यता की झलक हो।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया व सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से सम्बन्धित किये गये कार्यों के बारे में पॉवर पाइंट के माध्यम से बताया गया। इस दौरान कृषि, उद्यान, जागेश्वर मन्दिर प्रबन्धन समिति, जिला अस्पताल, महिला कल्याण, आपदा प्रबन्धन, जी0आई0एस0, कोसी पुर्नजनन अभियान, रूपान्तरण अभियान के अलावा अन्य विभागों के कार्यों का मा0 मुख्यमंत्री के सम्मुख प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान द्वारा बनाये गये विवेक कृषि संदेश सेवा का शुभारम्भ किया। इसके माध्यम से पंजीकृत किसानो को वायस मैसज के जरिये फसलों के समुचित प्रबन्धन व देखरेख की जानकारी मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा निर्मित विभिन्न उन्नत फसल बीज प्रजातियों का भी विमोचन किया गया। इससे पूर्व उन्होंने अनेक कृषकों को भी सम्मानित किया और उन्हें कृषि यंत्र वितरित किये।
मुख्यमंत्री ने संस्थान के संग्रहालय का भी भ्रमण किया और इस संस्थान की प्रशंसा की। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, विधायक महेश नेगी, सुरेन्द्र सिंह जीना, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविन्द पिलख्वाल, महेश नयाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी अभय सिंह रावत, एसएसपी पी0एन0 मीणा, मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, निदेशक वीपीकेएस ए0 पटनायक, अपर जिलाधिकारी बी0एल0 फिरमाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत नरेन्द्र भण्डारी के अलावा जनपद स्तरीय अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित थे।
#######################
गुरुगोविन्द सिंह के 353वें प्रकाशपर्व पर शोभायात्र निकाली गयी
गुरु गोविंद सिंह जी का 353 वां प्रकाश पर्व पर गुरूद्वारा सिंघ सभा के तत्वावधान में रामलीला मैदान से शोभायात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने चल रहे समागम एवं नगर कीर्तन में पहुॅच कर मत्था टेका तथा देश के लिए सुख-समृद्धि, शान्ति, खुशहाली, तरक्की, आयुष्य और आरोग्य की दुआ मांगी। श्री बंसल ने कहा कि समाज के उत्थान एवं दीन-दुखियों के कल्याण हेतु गुरू गोविन्द सिंह द्वारा किए त्याग और सेवा के कार्यों से देश की युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
गौरतलब है कि गुरु गोबिंद सिंह को ज्ञान, सैन्य क्षमता और दूरदृष्टि का सम्मिश्रण माना जाता है। उनका जन्म पटना साहिब में हुआ था और वहां उनकी याद में एक खूबसूरत गुरुद्वारा भी निर्मित किया गया है। वे सिखों के दसवें और अंतिम गुरु थे। उन्होंने ही साल 1699 में खालसा पंथ की स्थापना की थी। उन्होंने ही गुरु ग्रंथ साहिब को सिखों का गुरु घोषित किया। गुरु साहिब ने सिख धर्म को जीवन के कुछ महत्वपूर्ण बिंदु बताये। जिनमें अपनी जीविका ईमानदारी पूर्वक काम करते हुए चलाने, अपनी कमाई का दसवां हिस्सा दान में देने, गुरुवाणी को कंठस्थ करें, काम में खूब मेहनत करें और काम को लेकर कोताही न बरतने, अपनी जवानी, जाति और कुल धर्म को लेकर घमंडी होने से बचने, यदि धर्म एवं मजलूमों पर कोई अत्याचार कर रहा है और समझाने के बाद भी नहीं माने तो धर्म और मजलूमों कि रक्षा के लिए हथियार उठाने से नहीं डरना चाहिये, किसी की चुगली-निंदा से बचें और किसी से ईष्र्या करने के बजाय मेहनत करें, किसी भी विदेशी नागरिक, दुखी व्यक्ति, विकलांग व जरूरतमंद शख्स की मदद जरूर करने, अपने सारे वादों पर खरा उतरने की कोशिश करने, खुद को सुरक्षित रखने के लिए शारीरिक सौष्ठव, हथियार चलाने और घुड़सवारी की प्रैक्टिस जरूर करने, किसी भी तरह के नशे,तंबाकू एवं मादक पदार्थों का सेवन न करना शामिल हैं।
कार्यक्रम में मेयर डा0 जोगेन्दर पाल सिह रौतेला, मुख्यमंत्री के जनसम्पर्क अधिकारी विजय बिष्ट, सिटी मजिस्टेट प्रत्यूष सिह, एएसपी अमित श्रीवास्तव, अध्यक्ष रंजीत सिह, मेंबर नरेन्द्र जीत सिह, अमरजीत सिह, जगजीत सिह, रविन्दरपाल सिह, तजिन्दर सिह, बलविन्दर सिह, मनप्रीत सिह, जसपाल सिह कोहली, अवनीत सिह,हरजीत सिह, अमनपाल सिह,गुरमन सिह, जसप्रीत सिह, हरविन्दर सिह,सविन्दर सिह, रमनजीत सिह, प्रभजोत सिह, हरजोत सिह, जसनीत सिह, परमजीत सिह, गुरविन्दर चडडा, सुमित हृदयेश,योगेश शर्मा,हेेमन्त बगडवाल, हरीश च
न्द्र पाण्डे के अलावा सिख समाज के लोग मौजूद थे।
#################
मुख्यमंत्री ने अपर मुख्यसचिव राधा रतूडी़ के मातृशोक पर शोक संवेदना व्यक्त की
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी की माता एवं पुलिस महानिदेशक श्री अनिल रतूड़ी की सास श्रीमती रत्ना श्रीवास्तव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने उनके आई.पी.एस. कॉलोनी किशनपुर स्थित आवास पर जाकर श्रीमती राधा रतूड़ी एवं श्री अनिल रतूड़ी को सांत्वना प्रदान की।