मुख्यमंत्री नेप्रदेश में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली#शहीद हरेन्द्रसिंह को नम आंखों से दी अंतिम विदाई।-Janswar.com

-अरुणाभ रतूड़ी

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय स्थित राज्य आपदा कंट्रोल रूम जाकर प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री कल से सभी जिलाधिकारियों से हर पल की अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों के हवाई निरीक्षण के लिए जा चुके हैं, प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अतिवृष्टि से जानमाल का जो नुकसान हुआ है। प्रभावितों को मानकों के अनुसार जल्द अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराया जाय। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि अतिवृष्टि से किसानों का जो नुकसान हुआ है, उसका आकलन कर जल्द रिपोर्ट भेजी जाय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में सेना से तीन हेलीकॉप्टर लगाये जा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली एवं रुद्रप्रयाग को फोन कर निर्देश दिये कि यात्रा मार्गों पर फंसे यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।  मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि धैर्य बनाकर रखें। अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार द्वारा तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। सभी जरूरी इंतजाम सरकार द्वारा किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव श्री अभिनव कुमार, सचिव आपदा प्रबंधन श्री एस. ए. मुरूगेशन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल मौजूद थे।

————————————————जम्मू कश्मीर के पूंछ, राजौरी में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल, विकासखण्ड रिखणीखाल के पीपलसारी निवासी शहीद सैनिक हरेंद्र सिंह रावत का पार्थिव शरीर कल सोमवार को लैंसडाउन पहुंचा।  क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के चलते उनके पार्थिव शरीर को सीएचसी रिखणीखाल में रखा गया था।
शहीद सैनिक हरेंद्र सिंह रावत के पार्थिव शरीर को आज सैन्य सम्मान के साथ उनके घर से पैतृक घाट ले जाया गया, जहां उन्हें सैनिक सम्मान एवं विशाल जन समुदाय ने नम आंखों के साथ अंतिम विदाई देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर देकर दाह संस्कार किया गया। इससे पूर्व शहीद हरेंद्र सिंह रावत के पार्थिव शरीर को स्थानीय विधायक महंत दिलीप रावत, अपर जिलाधिकारी ईला गिरी, उप जिलाधिकारी स्म्रता परमार, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी लैंसडाउन कर्नल ओपी फर्स्वाण, प्रमुख दीपक भंडारी सहित परिजनों एवं अन्य गणमान्यों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जबकि सूबे के मुख्यमंत्री मा. पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जोलीग्रांड में शहीद हरेंद्र सिंह रावत के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर सलामी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *